Bareilly News: ट्रेनों में बढ़ने लगी भीड़, अगले 15 दिन और भी मुश्किल होगा सफर
बरेली, अमृत विचार। अगले 15 दिन में अगर आप ट्रेन से सफर की प्लानिंग कर रहे हैं तो जरा सोच-विचार कर निर्णय लीजिएगा। क्योंकि इस दौरान समर सीजन चरम पर होगा। जैसे-जैसे जून का महीना अंतिम पड़ाव पर पहुंचेगा, वैसे-वैसे ट्रेनों में भीड़ बढ़ना शुरू हो जाएगी।
यह ही वजह है कि रेल प्रशासन की तरफ से चार और स्पेशल ट्रेनों का एलान किया गया है। शनिवार को जो ट्रेनें आईं, उनमें पैर रखने की भी जगह नहीं थी। डिब्बों के अंदर लोगों का गर्मी और पसीने से बुरा हाल था।
शनिवार दोपहर में 15910 अवध-असम एक्सप्रेस बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची तो हालात कुछ ऐसे थे कि शौचालय तक में यात्री सफर कर रहे थे। वहीं 13152 सियालदह एक्सप्रेस का भी कुछ ऐसा ही हाल था। स्लीपर कोच तक में पैर रखने की जगह नहीं थी।
इधर 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस पांच दिन निरस्त रहने के बाद शनिवार को बरेली जंक्शन पहुंची तो यात्रियों की भीड़ ट्रेन में सवार होने के लिए टूट पड़ी। अगले 15 दिन में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए आरपीएफ की तरफ से अतिरिक्त स्टाफ की मांग की गई थी। लिहाजा सात लोगों का अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध करा दिया गया है।
शनिवार को आरपीएफ का यह अतिरिक्त स्टाफ प्लेटफार्म पर ड्यूटी करता नजर आया। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक विनीता कुमारी ने बताया कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लगातार सभी प्लेटफार्म पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल स्टाफ मौके पर पहुंच सके।
जंक्शन पर बढ़ा यात्रियों का फुटफॉल
जंक्शन पर समर सीजन के दौरान यात्रियों का फुटफॉल अचानक बढ़ गया है। आमतौर पर जहां प्रतिदिन 30 से 35 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। वहीं इन दिनों 50 से 60 हजार यात्री हर दिन बरेली जंक्शन पर पहुंच रहे हैं। दरअसल भीड़ बढ़ने की वजह स्पेशल ट्रेनों को बताया जा रहा है। रेल प्रशासन की तरफ से 40 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें बरेली जंक्शन होते हुए अप व डाउन दिशाओं में चलाई जा रही हैं।
जीआरपी ने चलाया चेकिंग अभियान
भीड़ को देखते हुए शनिवार को शाम में जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अजीत प्रताप सिंह की अगुवाई में बम निरोधक दस्ते के साथ चेकिंग अभियान चलाया गया। प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आरक्षण कार्यालय, पार्सल कार्यालय, वेटिंग रूम आदि को चेक किया गया। संदिग्ध सामान को चेक करने के साथ ही संदिग्ध दिखने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई। टीम द्वारा यात्रियों से किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करने की अपील की गई।
ब्लॉक देगा रेल यात्रियों को तकलीफ
मुरादाबाद-बरेली खण्ड के दुगनपुर यार्ड में लूप लाइन के लिए नॉन इंटरलॉकिंग 20 से 26 जून के बीच की जानी है। इसकी वजह से चार ट्रेनों को डायवर्ट, नौ ट्रेनों को रेगुुलेट और नौ ट्रेनों को रीशेड्यूल कर दिया गया है। इस ब्लॉक के कारण गरीबरथ, राजधानी, अवध असम, जननायक एक्सप्रेस समेत कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।
ये ट्रेनें कई घंटे देरी से पहुंचीं
शनिवार को 04722 दानापुर बीकानेर स्पेशल नौ घंटा, 12211 आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस दो घंटा, 12327 उपासना एक्सप्रेस 1 घंटा 32 मिनट, 04517 गोरखपुर चंडीगढ़ स्पेशल 4 घंटा 16 मिनट, 04530 वाराणसी समर स्पेशल ट्रेन 1 घंटा 38 मिनट और 15654 अमरनाथ एक्सप्रेस 6 घंटा 44 मिनट की देरी से बरेली जंक्शन पर पहुंची। इसके अलावा 04311हावड़ा देहरादून समर स्पेशल 10 घंटा की देरी से चल रही थी।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: ट्रक चालक से वसूली करने वाले की कार से बरामद तमंचे का रिपोर्ट में नहीं जिक्र
