विकास कार्यों की सतत निगरानी करें जनप्रतिनिधि: योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री ने किया संवाद, लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन पर की विधानसभावार चर्चा
लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनप्रतिनिधि विकास कार्यों की सतत निगरानी करें। सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में पात्रों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को तत्पर रहें, विकास कार्यों के नए प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन पर विधानसभावार चर्चा की।
एनेक्सी भवन में गोरखपुर मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित सांसदों को बधाई दी और लोकसभा चुनाव में पूरे मनोयोग से परिश्रम करने वाले विधायकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विकास सतत चलने वाली प्रक्रिया है।
क्षेत्र में विकास की जितनी भी गुंजाइश है, सभी जनप्रतिनिधि उस पर प्रस्ताव तैयार कराएं। साथ ही, ऐसे पात्र लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ें जिन्हें किन्हीं कारणवश किसी योजना का लाभ न मिल पाया हो। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव में पार्टी के विधानसभावार प्रदर्शन पर भी चर्चा की और सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अभी से आगामी लक्ष्य के लिए जुट जायं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, सांसद रविकिशन, विजय दुबे, शशांक मणि समेत पार्टी नेता शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:-ग्रामीण बिजली फीडर पर शहरी दर से बिलिंग का आदेश जनता की कमर तोड़ने की साजिश: अखिलेश यादव
