बरेली: अब नैनीताल रोड पर बनाया जाएगा नया प्रवेश द्वार
डेलापीर चौराहे पर आदिनाथ चौराहा बनने से लिया गया निर्णय
बरेली, अमृत विचार। नाथ कॉरिडोर के तहत चार जगह प्रवेश द्वार बनाने के बाद अब दो और नए प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। इसमें एक का निर्माण शुरू हो गया है लेकिन दूसरे के लिए जगह की तलाश की जा रही है।
नाथ नगरी कॉरिडोर में बरेली के प्रवेश द्वारों का नामकरण शिव के नाम से किए गए हैं। शाहजहांपुर रोड, बीसलपुर रोड, रामपुर रोड, बदायूं राेड पर निर्माण हो चुके हैं। डेलापीर रोड पर बनने वाला प्रवेश द्वार अब नहीं बन पाएगा क्योंकि यहां नगर निगम ने आदिनाथ चौराहे का निर्माण किया है। इस वजह से यहां जगह नहीं बची है। यहां पर प्रवेश द्वार बनाने से सड़क संकरी हो जाएगी और चौराहे की भी सुंदरता कम हो जाएगी। इस वजह से बीडीए ने यहां बनने वाले प्रवेश द्वार के निर्माण की योजना को स्थगित कर दिया है। अब प्रवेश द्वार नैनीताल रोड पर बनाने का फैसला किया है। इस रोड पर टोल प्लाजा के आगे जगह देखी जा रही है। वहीं जबकि दूसरा प्रवेश द्वार डोहरा रोड पर बनना शुरू हो गया है।
नाथ नगरी में प्रवेश करने वालों को शहर के बाहर से ही यह महसूस हो कि वह शिव की नगरी में प्रवेश कर रहे हैं। शहर में छह प्रवेश द्वार बीडीए बना रहा है। चार पूरे हो चुके हैं और पांचवा बन रहा है। अब छठा नैनीताल रोड पर बनाया जाएगा -मानिकनंदन ए, वीसी बीडीए
ये भी पढ़ें- बरेली: 20 हजार न देने पर पत्नी को दिया तीन तलाक, रिपोर्ट दर्ज
