Farrukhabad: खत्म हुई इंतजार की घड़ियां...फर्रुखाबाद अयोध्या सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू, ऑनलाइन टिकट सेवा भी उपलब्ध
सांसद मुकेश राजपूत ने हरी झंडी दिखा पहले दिन अयोध्या रवाना की बस
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। अयोध्या में भगवान राम मंदिर बनने के बाद फर्रुखाबाद से भी सीधी बस सेवा की मांग जनता की तरफ से लगातार उठ रही थी। जिसको देखते हुए फर्रुखाबाद से नीम करोली धाम होते हुए अयोध्या तक बस सेवा शुरू की गई है। मंगलवार को सांसद मुकेश राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। बस में ऑनलाइन टिकट सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
थाना कादरी के क्षेत्र स्थित फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डा पर सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसके बाद मंगलवार सुबह 10:30 बजे फर्रुखाबाद से अयोध्या जाने वाली रोडवेज बस को सांसद मुकेश राजपूत ने नारियल फोड़ कर हरी झंडी दिखाई। इससे पहले अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि जनता की लगातार मांग थी। उसी के अनुरूप भगवान राम के सीधे दर्शन करने के लिए बस सेवा शुरू की गई है। यह नीम करोली बाबा के दर्शन कराते हुए प्रति दिन जनपद वासियों को अयोध्या धाम ले जाएगी।
उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद के पर्यटन क्षेत्र को अब नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का काम किया जाएगा। सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि आने वाले समय में संकिसा से सारनाथ तक बस सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा है।
अयोध्या को जाने वाली बस सुबह साढ़े पांच बजे फर्रुखाबाद रवाना होकर 6:20 बजे नीम करोली बाबा पहुंचेगी। दस मिनट रुकने के बाद वहां से पुन: फर्रुखाबाद आयेगी। जिसके बाद सुबह लगभग 7:30 बने अयोध्या को निकलेगी। जो की कन्नौज होते हुए एक्सप्रेसवे से लखनऊ दोपहर 12:45 बजे पहुंचेगी। 5 मिनट रुकने के बाद लखनऊ से चलकर 3:55 पर अयोध्या पहुंचेगी। वहीं 20 मिनट रुकने के बाद 4:15 पर अयोध्या से रवाना होगी और रात 12:40 पर फर्रुखाबाद पहुंचेगी।
एआरएम अरविंद मिश्रा ने बताया कि पहली बार अयोध्या ले जाने के लिए बस की कमान चालक सत्यवीर यादव परिचालक अंकित यादव को दी गई है। यह बस प्रतिदिन चलेगी और इसमें यात्रियों की सहूलियत है, बेहतर इंतजाम किए गए है। ऑनलाइन टिकट सेवा भी उपलब्ध रहेगी। किराया भी साधारण रहेगा।
