अयोध्या: मदरसे के बच्चे और शिक्षक भी अब लगायेंगे बायोमेट्रिक हाजिरी
अयोध्या, अमृत विचार। अब जल्द ही मदरसे के बच्चे और टीचर भी बायोमेट्रिक हाजिरी लगाएंगे। इसके लिए मदरसों में बायोमेट्रिक मशीने लगाई जाएंगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह ने जिले के सभी मान्यता प्राप्त और अनुदानित मदरसों के प्रबंधकों को इस आशय कापत्र भेजा है।
उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड की रजिस्ट्रार डॉ. प्रियंका अवस्थी ने यह आदेश जारी किए हैं। उसमें कहा है कि उत्तर प्रदेश मदरसा परिषद के विद्यालयों और सहायतित विद्यालयों के अंतर्गत अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और शैक्षणिक - शिक्षणेत्तर कार्मिकों की उपस्थिति आधार बायोमेट्रिक प्रणाली से नियमित रूप से लगेगी। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने शासनादेशों पर अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जिले के सभी मान्यता प्राप्त और अनुदानित मदरसों के प्रबंधक/प्रधानाचार्यों को लेटर भेजा है। मदरसों में अटेंडेंस बायोमैट्रिक प्रणाली/ फेस ऑथंटिकेशन सिस्टम से कराने के निर्देश दिए हैं। कहा कि निर्देशों का पालन कड़ाई से होना चाहिए। इसी सत्र में यह व्यवस्था लागू की जायेगी। जिले में चार सौ से अधिक मदरसों का संचालन किया जा रहा है।
