हल्द्वानी: गाय की मौत से इस कदर आहत हुई किशोरी कि.....

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। घर में पली गाय की मौत से आहत एक किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। किशोरी का शव घर के पीछे बने बाथरूम में लटकता मिला। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लाये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  
 कैनाल रोड दमुवाढूंगा काठगोदाम निवासी केशव दत्त पलड़िया वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं।

वह घर में 15 वर्षीय बेटी जया व पत्नी के साथ रहते हैं। केशव के मुताबिक उन्होंने घर में एक गाय पाली थी, जो उनकी बेटी जया के बचपन के समय से ही घर में थी। जया को गाय से बेहद लगाव था। बीते सोमवार को गाय की मौत हो गई। गाय की मौत से वह बुरी तरह आहत हुई और फूट-फूट कर पूरे दिन रोती रही।

उसने खाना भी नहीं खाया। घर वालों ने उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी से बात नहीं की और मंगलवार को अचानक लापता हो गई। सुबह से शाम तक परिवार वाले उसे खोजते रहे, लेकिन कहीं पता नहीं चला। शाम ढलने पर जब परिजन घर के पीछे बने बाथरूम में पहुंचे तो उनके होश उड़ हो गए।

रस्सी के सहारे जया का शव लटक रहा था। आनन-फानन में परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर में चिकित्सकों की सूचना पर काठगोदाम पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि घटना के पीछे गाय की मौत से आहत होने की बात सामने आई है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। 

संबंधित समाचार