सुलतानपुर: दो पक्षों में खूनी संघर्ष, एक दूसरे पर किये धारदार हथियार से वार-कई घायल
लंभुआ/ सुलतानपुर,अमृत विचार। पड़ोसी से जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी डंडे चले और धारदार हथियार से भी प्राण घातक हमला किया गया। मारपीट में दोनों पक्ष के दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल होने पर जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 17 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
लंभुआ कस्बा निवासी रामतीर्थ सिंह का पड़ोसी शेर बहादुर सिंह से जमीनी विवाद चल रहा है। जमीनी विवाद में न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश भी प्राप्त है। आरोप है कि आदेश के बावजूद शेर बहादुर सिंह जबरन निर्माण करने का प्रयास करते रहते हैं।
राम तीर्थ सिंह द्वारा पुलिस को तहरीर देकर विपक्षियों पर आरोप लगाया गया कि शेर बहादुर सिंह, राजबहादुर सिंह, राजेश सिंह, रतन सिंह, शिखा सिंह, निशी सिंह हाथ में लाठी, डंडा, हसिया लेकर एक राय होकर दरवाजे पर पहुंच गए और गाली देते हुए प्राण घातक हमला कर दिए। जान बचाने के लिए घर में भागे तो हमलावर घर में घुस गए। अंदर मारे पीटे और सामान इत्यादि तोड़ दिए। शोर गुल मचाने पर उन्हें बचाने सुशील सिंह, सुनील सिंह, चंद्रशेखर सिंह, रेखा सिंह, बिक्रमजीत सिंह, संगीता सिंह, राज सिंह, सुनीता सिंह समेत कुल 11 लोगों को गंभीर चोट आ गई। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुनील सिंह तथा रामतीर्थ सिंह को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
उधर दूसरे पक्ष मुन्नी सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह अपने दरवाजे पर मिट्टी डलवा रही थी। उसी समय रामतीर्थ सिंह, चंद्रशेखर सिंह, सुनील सिंह, अनिल सिंह, सुशील सिंह, राज सिंह, शेखर सिंह, बिक्रमजीत सिंह, संगीता सिंह, रेखा सिंह, नीलम सिंह ने विरोध किया और उनके बेटे रतन सिंह तथा बेटी निशी सिंह व शिखा सिंह को मारा पीटा। जिसमें मुन्नी सिंह पक्ष के भी कई लोगों को चोटे आई। कोतवाली प्रभारी अखंड देव मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्ष के कल 17 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें -J&K: बारामूला में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में 2 आतंकी ढेर
