अब आपका सामान घर से लाकर ट्रेन में पहुंचाएगी रेलवे, शुरू हुई यह सेवा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्रा करने वालों के सामान को घर से कोच में उसकी सीट तक पहुंचाने वाली बैग्स ऑन व्हील्स सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने रेलयात्रियों के लिए एप आधारित बैग्स ऑन व्हील्स सेवा के लिए एक निजी कंपनी को ठेका दिया है। उत्तर …

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्रा करने वालों के सामान को घर से कोच में उसकी सीट तक पहुंचाने वाली बैग्स ऑन व्हील्स सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने रेलयात्रियों के लिए एप आधारित बैग्स ऑन व्हील्स सेवा के लिए एक निजी कंपनी को ठेका दिया है। उत्तर एवं उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने बताया कि रेलवे नित नए उपायों से राजस्व को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

इसी दिशा में कार्य करते हुए दिल्ली मंडल ने हाल ही में गैर-किराया-राजस्व अर्जन योजना के अंतर्गत ऐप आधारित बैग्स ऑन व्हील्स सेवा के लिए ठेका प्रदान करके मील का पत्थर स्थापित किया है। भारत रेल पर रेलयात्रियों के लिए यह अपनी तरह की पहली सेवा होगी। बीओडब्ल्यू ऐप (एंड्रॉयड और आई फोन उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध होगा) के द्वारा रेलयात्री अपने सामान को अपने घर से रेलवे स्टेशन तक लाने अथवा रेलवे स्टेशन से घर तक पहुंचाने के लिए आवेदन करेंगे। यात्री का सामान सुरक्षित तरीके से लेकर रेलयात्री के बुकिंग विवरण के अनुसार उसके कोच/घर तक पहुंचाने का कार्य ठेकेदार द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नाम मात्र के शुल्क पर रेलयात्रियों को सामान की डोर-टू-डोर सेवा फर्म द्वारा उपलब्ध करायी जायेगी और यात्री के घर से उसका सामान रेलगाड़ी में उसके कोच तक अथवा उसके कोच से उसके घर तक सुगमता से पहुंचाया जाएगा। यह सेवा रेलयात्रियों विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग जनों और अकेले यात्रा कर रही महिला यात्रियों के लिए बहुत ही लाभदायक सिद्ध होगी। चौधरी ने बताया कि इस सेवा की खास खूबी यह है कि सामान की सुपुर्दगी रेलगाड़ी के प्रस्थान से पहले सुनिश्चित की जाएगी।

संबंधित समाचार