कन्नौज: अकेले रह रहे वृद्ध की मौत, शव से उठने लगी थी बदबू 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। इसे एकाकी जीवन की त्रासदी ही कहेंगे कि शहर के मोहल्ला ग्वाल मैदान में अकेल रह रहे वृद्ध की मौत हो गई और किसी को पता नहीं चला। जब बदबू आई तो लोगों में चर्चा हुई और भतीजा पहुंचा। अंदर जाकर देखा तो उसका शव पड़ा था जो सड़ने लगा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।

सदर कोतवाली के मोहल्ला ग्वाल मैदान निवासी अरुण चंद मिश्रा (75) पुत्र जय शंकर मिश्र अपने मकान में अकेले रहते थे। उनका एक पुत्र अमेरिका तो दूसरा बंगलूरू में रहता है। पुत्र के साथ में ही पत्नी रहती हैं। बुधवार की दोपहर एक बजे के करीब मकान के अंदर से बदबू आई तो भतीजे गगन मिश्रा व पवन कुमार मिश्रा ने घर के अंदर खोज की। फिर लगा कि चाचा के मकान की ओर से बदबू आ रही है तो उधर के दरवाजे से झांक कर देखा। किसी तरह अंदर पहुंचे तो आंगन में चाचा का शव धूप में पड़ा था।  इसकी जानकारी दिए जाने पर सीओ कमलेश कुमार, कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल में पाया कि शव कुछ दिन पुराना है। धूप में पड़े रहने से काला पड़ गया है। आशंका है कि वह शौच के लिये गये थे। अचानक गिर जाने से सिर में चोट लगी होगी। इससे मौत हो गई। घर में अन्य किसी के मौजूद न होने से घटना की जानकारी नहीं हो सकी। 

भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिये शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। पिता की मौत की जानकारी पुत्रों व पत्नी को फोन से दी गई है। वह बंगलूरू से कन्नौज के लिये रवाना हो गये हैं।

ये भी पढ़ें -कन्नौज में बुलडोजर एक्शन, होटल और 17 दुकानें जमींदोज-हाई कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

संबंधित समाचार