बहराइच: लखनऊ से घर आ रहे युवक का रोडवेज परिसर में मिला शव, आईपीएस के यहां काम कर रहा रहा था मृतक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परिवार के लोगों ने संदिग्ध मौत की जताई आशंका

बहराइच, अमृत विचार। फखरपुर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक लखनऊ में एक आईपीएस अधिकारी के यहां काम करने के लिए 12 दिन पूर्व गया था। वह बुधवार को लखनऊ से घर के लिए रवाना हुआ। उसका शव रोडवेज परिसर में मिला। भाई ने मौत को संदिग्ध बताते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए पत्र दिया है।

फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हैबतपुर के मजरा गंगापुर निवासी धर्मेंद्र शुक्ला (35) पुत्र मूलचंद्र शुक्ला बेरोजगार था। किसी के माध्यम से उसका काम लखनऊ में आईपीएस अधिकारी अरविंद भूषण पांडेय के यहां घर पर काम करने के लिए लगा। जिस पर वह 12 दिन पूर्व लखनऊ में आईपीएस अधिकारी के यहां काम करने के लिए गया। बुधवार को युवक घर के लिए रवाना हुआ। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।

रात आठ बजे से नौ के मध्य उसका शव रोडवेज परिसर में पड़े होने की सूचना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा दी गई। जिस पर परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। धर्मेंद्र के भाई वीरेंद्र शुक्ला ने मौत को संदिग्ध बताया। साथ ही शव पोस्टमार्टम करवाए जाने की मांग की। जिस पर कोतवाली नगर की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़ें -UP police सिपाही भर्ती परीक्षा: ब्लैक लिस्ट की गई एग्जाम कराने वाली कंपनी, कानूनी शिकंजा कसेगी STF

संबंधित समाचार