भिनगा नगर पालिका क्षेत्र में PM आवास आवंटन में हुआ जमकर खेल, प्रदेश अध्यक्ष ने शासन को लिखा पत्र
श्रावस्ती, अमृत विचार। भिनगा नगर पालिका क्षेत्र में बने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों की जांच के लिए शासन द्वारा आदेश जारी किया गया है। लोक जनशक्ति पार्टी किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मनोज पाठक द्वारा शासन को पत्र लिखकर भिनगा नगर पालिका क्षेत्र में आवंटित की गई प्रधानमंत्री आवास योजना में व्यापक रूप से हुए भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
मनोज पाठक ने शासन को लिखे पत्र के हवाले से बताया कि भिनगा नगर पालिका क्षेत्र में गरीबों के बजाय अमीरों को ही आवास का आवंटन कर दिया गया है। ज्यादातर आवास उनको दिए गए हैं जिनके पास उनकी जमीन का कोई मालिकाना हक ही नहीं है । बहुत से आवास इस तरह आवंटित किए गए जिसमें जमीन की कागज लगी हुई है पर वहां आवास के नाम पर एक ईट भी नजर नहीं आ रही है और ढाई लाख रुपए भुगतान भी कर दिया गया। आवास में हुए भ्रष्टाचार का खेल यहां तक ही नहीं सीमित है प्रधानमंत्री आवास योजना में कुछ कर्मचारी जेई के रूप में भिनगा नगर पालिका क्षेत्र के रहने वाले काम कर रहे थे। इन लोगों ने मनमानी ढंग से अपने रिश्ते नातेदारों को अवैधरूप से सरकारी जमीनों पर ही आवास का आवंटन कर दिया।
इस संबंध में मनोज पाठक से बात करने पर उन्होंने बताया कि भिनगा नगर पालिका क्षेत्र में आवास आवंटन में जमकर भ्रष्टाचार का खेल खेला गया है जिसकी जांच के लिए हमने शासन को पत्र लिखा था। शासन से आदेश होकर आया है और इसमें अगर किसी भी अधिकारी ने गलत रिपोर्ट लगा कर भेजी तो मैं अपनी पार्टी की तरफ से प्रधानमंत्री जी को पत्र लिखकर इसमें कठोर कार्रवाई की मांग करूंगा।
ये भी पढ़ें - बहराइच: उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन, यातायात निरीक्षक पर कार्रवाई की उठाई मांग
