Aligarh News: फरीद की पीट-पीटकर हत्या पर मदनी बोले-सभ्य समाज में लिंचिंग की कोई जगह नहीं, सभी लोग शांति बनाए रखें
अलीगढ़। अलीगढ़ में फरीद उर्फ औरंगजेब की मॉब लिंचिंग पर जमीयत उलमा-ए-हिंद (Jamiat Ulema-e-Hind) के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने सभी समुदायों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
उन्होंने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग उठाई है। उधर जमीयत के एक प्रतिनिधिमंडल ने अलीगढ़ के इस पीड़ित परिवार से मुलाकात की है।
अलीगढ़ के मामूभांजा इलाके में मंगलवार की रात फरीद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना उस वक्त हुई जब फरीद रोटी बनाकर घर लौट रहे थे। अलीगढ़ के संवेदनशील क्षेत्रों में से एक मामूभांजा में कुछ लोगों ने उन्हें चोरी के शक में पकड़ा। इस बीच भीड़ जमा हो गई और इसमें शामिल लोगों ने उन्हें बेरहमी से पीटा था। बाद में पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई, लेकिन 35 वर्षीय फरीद को बचाया नहीं जा सका।
इस घटना से क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया। मृतक फरीद के भाई जकी ने इस मामले में दस नामजद लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने फरीद की हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज करके छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी से दूसरा पक्ष और समुदाय के लोग भड़क गए। गिरफ्तारी के विरोध में वे सड़कों पर उतर आए। बाजार बंद कर प्रदर्शन किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक विधायक मुक्ता संजीव राजा और मेयर प्रशांत सिंघल भी पहुंच गए।
एक बार तो हालात बिगड़ते-बिगड़ते बचे। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आने लगे। हालांकि पुलिस ने किसी तरह स्थितियां नियंत्रित कीं। गुरुवार को नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद भी अलीगढ़ पहुंचे और उन्होंने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।
जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने फरीद की हत्या को लेकर जारी एक बयान में कहा कि सभ्य समाज में लिंचिंग जैसी खौफनाक घटनाओं की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में जांच बिठानी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय मिले।
जमीयत उलमा-ए-हिंद अलीगढ़ के अध्यक्ष मुफ्ती अकबर कासमी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जो मामले पर नजर रखेगी और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने में सहयोग करेगी। वहीं, जमीयत ने झारखंड में हुई एक अन्य लिंचिंक की घटना पर ही यही मांग और नाराजगी का इजहार किया है।
कैसे हुई थी लिंचिंग
अलीगढ़ में घास की मंडी निवासी मृतक फरीद के भाई जकी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनके भाई फरीद रात में रोटी बनाकर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे मामूभांजा क्षेत्र के मुहल्ला रंगरेजान के कुछ लोगों ने उन्हें पीट-पीटकर मार डाला। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि फरीद चोरी की नीयत से कपड़ा व्यापारी मुकेश चंद्र मित्तल के घर में जीने से चढ़ रहे थे। जहां ये घटना हुई है। इस मामले में मुकेश चंद्र मित्तल के बेटे को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने क्या कहा
इस घटना को लेकर पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पथराव जैसी कहीं कोई घटना नहीं हुई। सभी लोग कानून व्यवस्था का पालन करें, पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
