शौक पूरा करने के लिये कर रहे थे चोरी की प्लानिंग, पुलिस ने ऐसे दबोचा
बाराबंकी, अमृत विचार। चोरी की योजना बनाते हुए दो शातिर चोरों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किये गए अभियुक्तों के पास से चोरी में पकड़ के लिए इस्तेमाल किये जाने वाले तीन उपकरण, हथौड़े व नकदी पुलिस ने बरामद किया। मामला सुबेहा थाना क्षेत्र का है।
यहां के देवनपुरवा मजरे अमरबल क्रिसिया निवासी शिवकुमार उर्फ ननकऊ व भटगंवा गांव के निवासी दुर्गाप्रसाद उर्फ छोटकऊ एक गिरोह चलाते थे और आसपास के जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर, उससे मिले पैसे को आपस में बांट कर अपने शौक पूरा करते थे। अभियुक्त शिवकुमार पर जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में करीब एक दर्जन व दुर्गा प्रसाद ऊर्फ छोटकऊ पर आधा दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज हैं।
सुबेहा थाना क्षेत्र में इन दोनों अभियुक्तों ने चोरी की तमाम वारदात को अंजाम दिया था। तभी से पुलिस को इन शातिर चोरों की तलाश थी। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी डा. अखिलेश नारायण सिंह के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ हर्षित चौहान के नेतृत्व में सुबेहा प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह और उनकी टीम ने मुखबिरों की सहायता से शुक्रवार को चोरी की योजना बना रहे चोरों को रतौली अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें:- आत्मघाती कदम : पत्नी का दर्द नहीं देख पाया पति तो अस्पताल में फंदा लगा दे दी जान
