बाराबंकी: मनरेगा में कार्य बंद, मस्टररोल में जारी श्रमिकों के नाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सतरिख/ बाराबंकी, अमृत विचार। हरख ब्लॉक के अंतर्गत हो रहे मनरेगा के कार्य में फर्जीवाड़ा जारी है, लेकिन अफसर चुप्पी साधे हुए हैं और शिकायत पर दबी जुबान से जांच कराने को कह रहे हैं। शरीफाबाद में मस्टर रोल पर 30 श्रमिकों के नाम पंजीकृत हैं। जबकि मौके पर कार्य बंद मिला है। शरीफाबाद ग्राम पंचायत स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय भवन परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र प्रथम का निर्माण कार्य क्षेत्र पंचायत से कराया जा रहा है। जिसमें ग्राम पंचायत से मनरेगा के श्रमिक लगाए गए हैं। शुक्रवार को मौके पर कार्य बंद रहा। मस्टर रोल 30 श्रमिकों के नाम का जारी किया दिखाया गया है। गांव के निवासी जेपी रावत का कहना है कि वह हरख ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी से मिलकर इसकी शिकायत करने गए थे। जहां उन्हें बताया गया कि बीडीओ अवकाश पर हैं। 

जेपी का आरोप है इससे पहले भी कई दिन आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण का कार्य बंद रहा है, लेकिन मस्टर रोल 30 से 45 श्रमिकों के नाम जारी दिखाया गया है। प्रधान दिनेश कुमार ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। जिस आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए 30 श्रमिकों का मस्टर रोल जारी दिखाया जा रहा है, उसमें इतनी बड़ी संख्या में श्रमिकों की आवश्यकता नहीं है। इसके अलावा बंदगीपुर ग्राम पंचायत में अमृत सरोवर तालाब में खुदाई के लिए मस्टर रोल पर 21 श्रमिकों के नाम जारी किए गए हैं। जबकि मौके पर श्रमिकों की संख्या कम थी। 

वहीं लक्ष्मणपुर ग्राम पंचायत में भी मनरेगा के तहत खेल मैदान के निर्माण कार्य  21 श्रमिक दर्ज कर मस्टर रोल जारी किया गया हैं जबकी मौके पर काम बंद है और खेल मैदान में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी है। यहां के ग्राम प्रधान देवनारायण सिंह का कहना है कि हमको ऐसी कोई जानकारियां नहीं है। पंचायत मित्र के द्वारा मास्टर रोल जारी किया गया होगा। इसकी शिकायत बीडीओ से करेंगे। सीडीओ अ.सुदन ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। मामला सही मिला तो कार्रवाई होना तय है।

ये भी पढ़ें -जम्मू आतंकी हमला: घर पहुंचीं घायल उषा देवी, बताई रोंगटे खड़े कर देने वाली ये सच्चाई

संबंधित समाचार