पौने दो करोड़ से होगा झारखंडी सरोवर का कायाकल्प बनेगा छट्ठी माता पूजा घाट और विश्रामालय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्वस्थ्य,सुन्दर,शिक्षित एंव विकसित बलरामपुर का संकल्प जल्द होगा पूर्ण :डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू

बलरामपुर, अमृत विचार। नगरवासियों के लिए अच्छी खबर है। झारखंडी सरोवर को अब एक नया लुक दिया जाएगा। यहां पर 1 करोड़ 77 लाख 41 हजार 320 रूपये से झारखंडी सरोवर में छट्ठी माता पूजा घाट बनाने के साथ ही अन्य निर्माण का कार्य कराया जाएगा। इससे नगरवासियों को पूजा पाठ में काफी सहूलियत मिलेगी। नगर के झारखंडी मंदिर के पास स्थित सरोवर लोगों की आस्था का केंद्र बिंदु है। साफ-सफाई न होने तथा अतिक्रमण के चलते इस सरोवर का दायरा कुछ वर्षों से सिकुड़ता जा रहा है।

अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने बताया कि आदर्श नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरु के संकल्प सुन्दर बलरामपुर,शिक्षित बलरामपुर,विकसित बलरामपुर का सपना जल्द ही होगा साकार इसी के अन्तर्गत झारखंडी सरोवर में छट्ठी माता पूजा घाट निर्माण व सौंदर्यीकरण के लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। सांस्कृतिक,धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले इस सरोवर के विकास के लिए वंदन योजना के तहत शासन ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए एक करोड़ 77 लाख 41 हजार 320 रूपये का बजट भी जारी कर दिया है। इस धनराशि से झारखंडी सरोवर की साफ-सफाई,इंटरलाकिंग,छट्ठी माता पूजा घाट एवं सीढि़यों का निर्माण कराया जायेगा। इसके अलावा सरोवर के बगल झारखंडी मंदिर परिसर में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विश्रामालय का निर्माण भी होगा। सरोवर का सौंदर्यीकरण कराने के साथ ही लाइटिंग भी कराई जायेगी।

हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है सरोवर
नगर में स्थित झारखंडी सरोवर हिंदू मुस्लिम एकता का प्रतीक है। करीब 150 वर्ष पूर्व बलरामपुर राज परिवार द्वारा खोदवाये गये इस सरोवर में जहां हिंदू अपने धार्मिक व मांगलिक कार्य संपन्न कराते हैं वहीं मुस्लिम धर्म के लोग मोहर्रम व चेहल्लुम में ताजिया दफन करते हैं। छठ पर्व में हिंदू महिलाएं इसी सरोवर में छट्ठी माता की पूजा-अर्चना करती हैं।

जल्द शुरू होगा कार्य
झारखंडी सरोवर के कायाकल्प के लिए वंदन योजना के तहत बजट मिल गया है। जल्द ही सरोवर की साफ-सफाई कराकर निर्माण व सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया जायेगा। सरोवर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए अमृत भारत योजना के तहत केंद्र सरकार को भी प्रस्ताव भेजा गया है।
-डा.धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू,अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बलरामपुर

अटल सरोवर के नाम पर पहले भी खर्च हो चुके हैं करीब 65 लाख रुपए 
नगर की पिछली सरकार में भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर झारखंडी तालाब को अटल सरोवर बनाने का प्रस्ताव मंजूर किया था।नगर पालिका को इसके लिए करीब 65 लाख रुपए भी मिले थे। तालाब के किनारे चार छह सीढ़ियां बनाकर पूरे बजट को खर्च दिखा दिया गया।नगर वासियों का कहना है कि नगर की पिछली सरकार ने 4 -6 लाख रुपए खर्च कर बाकी बजट में हेर फेर कर लिया।


ये भी पढ़ें -भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती रैली कल से, इन जिलों के अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

संबंधित समाचार