गोंडा: बम मारकर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा/अमृत विचार। उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के पूरे डाल गांव में एक महीना पहले 21 मई को भूमि विवाद को लेकर मारपीट और फायरिंग करने तथा बम फेंककर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने घटना में प्रयोग की गयी बोलेरो कार को बरामद किया है।

उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र का पूरेडाल गांव के रहने वाले मेहीलाल पासवान के मुताबिक 21 मई को विष्णुदेव पासवान निवासी खरजीत पुरवा मौजा जेठासी थाना उमरीबेगमगंज ने अपने 20-25 साथियों के संग उसके घर पर हमला कर दिया था।

आरोपी बोलेरो व बाइक लेकर आए थे। सभी हाथ में लाठी, डंडा, हॉकी, धारदार हथियार, अवैध तमंचा व गोला बारूद से लैस थे। आरोपियों ने  मेहीलाल के घर में तोड़ फोड़ कर उसकी दीवार  ढहा दिया था। विरोध करने पर फायरिंग करते हुए मेहीलाल और उसके परिजनों पर बम से हमला कर दिया था। इस हमले में मेहीलाल की पत्नी गुड़िया, बेटी देवी व बेटा मिथू गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मेहीलाल ने इस मामले में आरोपी संतोष, राम करन, रामलगन, रितेश, विष्णुदेव पासवान समेत अन्य कई अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी, जानलेवा हमला करने व 4/5 विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करायी थी।

पुलिस आरोपियों की तलाश नें जुटी थी। सोमवार को थाने के उपनिरीक्षक  धर्मेन्द्र कुमार गौतम, संजीव चौहान, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुमित सिंह व हेड कांस्टेबल कलेन्द्र यादव की टीम ने बम फेंकने वाले आरोपी विष्णुदेव पासवान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई बोलेरो कर को भी बरामद किया है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: टॉप इंजीनियर की निगरानी में बने राम मंदिर में पहली ही बारिश में टपकने लगा पानी, रामलला के पुजारी ने उठाये सवाल

संबंधित समाचार