कल से खुल जायेंगे स्कूल, बच्चों के स्वागत की तैयारी में जुटेंगे शिक्षक, तीन दिन तक स्कूलों में होगी सफाई
गोंडा, अमृत विचार। एक महीने के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद परिषदीय स्कूल मंगलवार से खुल जायेंगे। हालांकि पहले दिन सिर्फ शिक्षक ही स्कूल जायेंगे और स्कूल की साफ सफाई करायेंगे। 25 से 27 जून तक स्कूलों में साफ सफाई का काम होगा और स्कूल को बच्चों के स्वागत के लिए तैयार किया जायेगा। 28 जून से बच्चे सीधे समर कैंप में उपस्थित होंगे। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को मंगलवार से स्कूल खोलने व साफ सफाई कराए जाने का निर्देश दिया है।
20 मई तक पढाई के बाद परिषदीय स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश हो गया था। छुट्टी के बाद 18 जून को स्कूल खोला जाना था लेकिन हीट बेव के चलते गर्मी की छुट्टियां बढ़ा दी गयी थीं। अब मंगलवार से स्कूल खोलने की तैयारी है इसको लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों व शिक्षकों को दिशा निर्देश दिया गया है। हालांकि पहले दिन सिर्फ शिक्षक स्कूल पहुंचेंगे और स्कूल की साफ सफाई व्यवस्था को ठीक करायेंगे। तीन दिन यानि 27 जून तक स्कूलों में सफाई अभियान चलेगा। इस दौरान विद्यालय परिसर में उगे घास-फूस एवं जंगली पौधों की सफाई करायी जायेगी। साथ ही कक्षा-कक्षों की फर्श, दीवारें, खिड़की, दरवाजे, ब्लैक बोर्ड आदि को भी साफ सुथरा बनाया जायेगा। वातावरण को छात्र-छात्राओं के लिए आकर्षक एवं अनुकूल बनाने के लिए विद्यालय को फूल, पत्तों, रंगोली, झंडियों, गुब्बारों आदि से सजाया जाएगा।
28 व 29 जून को समर कैंप में आयेंगे नौनिहाल
28 व 29 जून को स्कूल में समर कैंप का आयोजन किया जायेगा और बच्चों को पर्यावरण समेत अन्य मुद्दों पर जागरुक किया जायेगा। पहले दिन बच्चों को रोली-टीका लगाकर स्वागत किया जाएगा। 28 जून को मध्याहन भोजन में बच्चों के लिए रूचिकर हलवा व खीर बनेगी। स्कूल के पहले दिन को उत्सव के रूम में मनाया जायेगा। जिससे छात्र-छात्राओं का विद्यालय व अध्यापकों के प्रति जुड़ाव पैदा होगा तथा विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति व पठन-पाठन गतिविधियों में सक्रियता उत्पन्न होगी। बच्चे सुबह 7.30 बजे स्कूल आयेंगे और 10 बजे उनकी छुट्टी हो जायेगी।

एक जुलाई से नियमित होगा पठन पाठन का कार्य
29 व 29 जून को समर कैंप के आयोजन के बाद एक जुलाई से स्कूलों में पठन पाठन नियमित हो जायेगा। एक जुलाई से विद्यालय अपने नियमित समय अर्थात प्रातः 7:30 बजे से 1:30 बजे तक संचालित होंगे। कक्षा-1 तथा कक्षा-6 में नवीन प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से स्वागत करते हुए उन्हे प्रोत्साहित किया जायेगा।
31 जुलाई तक 6 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चे का हो सकेगा नामांकन
बेसिक शिक्षा विभाग ने पकिषदीय स्कूलों में बच्चों के नामांकन को बढ़ाने के लिए उनकी आयु निर्धारण में परिवर्तन किया है। पहले एक अप्रैल तक6 वर्ष की आयु पूरी करने वाले बच्चों के नामांकन का आदेश था लेकिन अब इस आदेश में परिवर्तन करते हुए इसे 31 जुलाई कर दिया गया है। यानि अब अगर किसी बच्चे की आयु 31 जुलाई को 6 वर्ष हो रही है तो उसका भी नामांकन किया जायेगा। हालांकि यह आदेश सिर्फ इसी सत्र के लिए लागू होगा।
26 जून तक पूरा करें डीबीटी की कार्रवाई
निशुल्क यूनीफार्म, स्वेटर ,स्कूल बैग, जूता मोजा व स्टेशनरी आदि के लिए छात्र छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खाते में धनराशि भेजी जानी है लेकिन इसके लिए डीबीटी का कार्य अधूरा है। लापरवाही के चलते प्रदेश रैंकिंग में जिला नीचे से पांचवें पायदान पर है। इसको लेकर शासन में जिले की किरकरी हो रही है। अफसरों ने भी इल स्थिति पर नाराजगी जताई है। अब बीएसए प्रेमचंद यादव ने 26 जून तक हर हाल में डीबीटी से संबंधित कार्रवाई पूरा करने का निर्देश सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिया है।
ये भी पढ़ें -विशेष संचारी रोग व दस्तक अभियान: गांव में चलेगा सफाई अभियान, दूर होगी गंदगी
