विशेष संचारी रोग व दस्तक अभियान: गांव में चलेगा सफाई अभियान, दूर होगी गंदगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में एक से 31 जुलाई तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई के मध्य दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पूरी तैयारी समयबद्ध ढंग से किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया आदि संचारी रोगों से जुडे़ मामलों की आशंका को देखते हुए जनपद में अन्तर्विभागीय समन्वय से युद्धस्तर पर अभियान को आगे बढ़ाया जाए। 

जिलाधिकारी ने बताया कि तालाबों, नालों व नालियों में एण्टी लार्वा का छिड़काव तथा कूड़े का निस्तारण ठीक ढंग से किया जाए। निगरानी समितियां डोर-टू-डोर सर्वे करें और यदि कोई बच्चा बुखार आदि से ग्रसित है, तो उसे मेडिसिन किट उपलब्ध कराएं। साथ ही, महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीण स्तर पर संचारी रोगों के नियंत्रण हेतु तालाबों/नालों व नालियों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। ब्लाॅक स्तरीय कार्ययोजना बनाते समय सम्बन्धित सीएचसी के अधीक्षक, सीडीपीओ व अन्य सम्बन्धित अधिकारी बैठक करते हुए कार्ययोजना बनाएं। 

सीएमओ डॉ. अवधेश यादव ने बताया कि सभी डॉक्टर, चिकित्सा कर्मी, आशा, एएनएम पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान पर काम करें। बैठक में सीडीओ अ. सुदन, सीएमएस (महिला) डा. प्रदीप, सीएमएस (पुरूष) डा. बृजेश, एसीएमओ डा. डी के श्रीवास्तव और डीपीआरओ नीतेश भोंडले समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -बहराइच: उर्वरक की 75 दुकानों पर छापेमारी, तीन को नोटिस

संबंधित समाचार