भूमि कब्जा करने का विरोध करने पर पिता–पुत्र अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट
नाराज अधिवक्ताओं ने करछना थाना के सामने किया चक्काजाम
नैनी, अमृत विचार : यमुना नगर के थाना करछना में भूमि के कब्जे का विरोध करने पर अधिवक्ता पिता–पुत्र को पीट दिया गया। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने करछना थाना के सामने चक्काजाम कर दिया। बाद मे पुलिस ने किसी प्रकार मामले को शांत किया।
करछना के चनैनी गांव निवासी अधिवक्ता राकेश कुमार शुक्ल पुत्र स्व. शिवबाबू सोमवार सुबह टहलने घर से निकले थे। उस दौरान उन्होंने देखा कि उनके खेत मे मिट्टी डालकर कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ कब्जा कर रहे लोग लोहे के सब्बल, फावडा आदि से मारपीट करने लगे। जानकारी होने पर उनके पुत्र अभिनव शुक्ल भी पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
किसी तरह वह वहां से निकलकर थाना पहुंचकर शिकायत की। घटना की जानकारी होने पर अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या मे अधिवक्ता करछना थाना के सामने पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। सूचना पाकर एसीपी करछना संजय सिंह मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से बातचीत कर मामला शांत कराया। एसीपी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-जिम्नास्टिक अकेडमी से घर लौट रहे छात्रों को अगवा करने की कोशिश
