MJPRU: वार्षिक परीक्षाओं का मूल्यांकन लगभग पूरा, जल्द आएंगे परिणाम
बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक की वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम जल्द जारी हो सकते हैं। मूल्यांकन का काम लगभग पूरा हो गया है और कुछ कॉलेजों से प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक आना बाकी रह गए हैं। इसकी वजह से कुछ देरी हो रही है। इसके अलावा जिन परीक्षाओं का मूल्यांकन हो गया है, उनके भी परिणाम जल्द जारी किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय की व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की वार्षिक परीक्षा 1 अप्रैल से 24 अप्रैल तक हुई थी। इसके बाद परास्नातक की वार्षिक परीक्षा 9 अप्रैल से 2 मई तक हुई। इसके अलावा स्नातक की वार्षिक परीक्षा 19 मार्च से शुरू हुई थी और यह परीक्षा भी 18 जून को समाप्त हो गई। स्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षा 10 मई से शुरू हुई और 1 जुलाई को समाप्त हो जाएंगी।
वर्तमान में परास्नातक सम सेमेस्टर की वार्षिक परीक्षा 19 जून से शुरू हुई है और यह भी 6 जुलाई को समाप्त हो जाएगी। इसके अलावा विधि पाठ्यक्रमों समेत अन्य की भी वार्षिक व सम सेमेस्टर की परीक्षाएं हुई हैं। जो परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं, उनका मूल्यांकन लगभग पूरा हो चुका है। इसके अलावा जो चल रही हैं, उनका भी मूल्यांकन तेजी से चल रहा है। अब विश्वविद्यालय जल्द परिणाम घोषित करने की तैयारी कर रहा है। जिन महाविद्यालयों की प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक किन्हीं कारणों से रह गए हैं, उन्हें भी जल्द से जल्द मांगे जा रहे हैं।
जिन महाविद्यालयों में कम छात्र, वहां के अंक नहीं आए
प्रयोगात्मक परीक्षाओं के उन कॉलेजों के अंक कम आए हैं, जिनके यहां छात्रों की संख्या कम है। वार्षिक परीक्षा में विश्वविद्यालय ने कॉलेजों में ही केंद्र निर्धारित कर दिए थे। इसके बावजूद भी कुछ कॉलेजों में प्रयोगात्मक परीक्षा होने से रह गई हैं। कुछ दिनों पहले विश्वविद्यालय ने प्रयोगात्मक परीक्षा कराने की तिथि भी बढ़ाई है। अब अंक आते ही परिणाम जारी करने शुरू हो जाएंगे।
ये भी पढ़ें- Bareilly Gangwar: सत्ताधारी नेताओं के जरिए आत्मसमर्पण के फिराक में राणा, अब तक चंद गुर्गों तक ही पहुंची पुलिस
