अयोध्या: कोचिंग जा रहे छात्र को पिकअप ने कुचला, मौत
मसौधा/अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर मऊ शिवाला बाजार के निकट तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल सवार इंटर के छात्र को कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने छात्र के शव को पिकअप में फंसकर 200 मीटर दूरी तक घसीटता देख दौड़कर चालक को दबोच लिया। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के सरियावां मजरे पहली का पुरवा निवासी पवन कुमार का 15 वर्षीय बेटा लकी कोचिंग पढ़ने के लिए साइकिल से अयोध्या शहर की ओर जा रहा था। मऊ शिवाला बाजार पार करते ही एकल दिशा में मिल्कीपुर बाजार से यात्रियों को बैठाकर अयोध्या शहर की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से कुचल गया।
छात्र के शव को घिसटता देख प्रत्यक्षदर्शियों ने गुहार लगाते हुए पिकअप समेत चालक को दबोच लिया। इसी बीच मौके पर पहुंची कैंट पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस चालक समेत पिकअप को कैंट ले गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। कोतवाली कैंट प्रभारी संजय मौर्य का कहना है कि मृतक के परिजनों द्वारा अभी लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
