बरेली: कमिश्नर ने की लोक निर्माण विभाग के मार्गों के रखरखाव की समीक्षा, वित्तीय और भौतिक कार्यों की खराब स्थिति पर जताई कड़ी नाराजगी
बरेली, अमृत विचार। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने बुधवार को कमिश्नरी में मंडल में लोक निर्माण विभाग के मार्गों के रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वित्तीय और भौतिक कार्यों की खराब स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई है। कमिश्नर ने बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत के डीएम से मार्गों का निरीक्षण कराकर सात दिन में आख्या मांगी है।
कमिश्नर ने पीडब्ल्यूडी के ओडीआर, एमडीआर, राज्य मार्गों की स्थिति की समीक्षा में पाया कि बरेली में 28 कार्यों में 9, बदायूं में 40 में 19, पीलीभीत में 14 में 6, शाहजहांपुर में 9 में 4 कार्य ही पूरे हो सके हैं।
वित्तीय प्रगति की समीक्षा में बरेली में निर्माण कार्यों पर 1287.32 लाख में 68 लाख, बदायूं में 2247.5 में 230.43 लाख, पीलीभीत में 684.11 में 235 लाख, शाहजहांपुर में 866.39 में 170.06 लाख रुपये ही खर्च हो सके हैं। इस पर कमिश्नर ने नाराजगी व्यक्त की। कमिश्नर ने अफसरों को निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर कार्य शुरू नहीं हुआ है, वहां तत्काल कार्य चालू कराकर अवगत कराएं। यही नहीं, जिन मार्गों पर कार्य की प्रगति सुस्त है, वहां तेजी लाने के लिए कहा।
ये भी पढे़ं- बरेली: गोवंश के कारण घटी कोई घटना तो नपेंगे सम्बंधित क्षेत्र के अधिकारी, डीएम ने दिए निर्देश
