गौतमबुद्ध नगर: सहायक पुलिस आयुक्त का बेटा हुआ साइबर अपराध का शिकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में तैनात सहायक पुलिस आयुक्त के बेटे को साइबर अपराधियों ने अपने जाल में फंसाकर उससे कथित तौर पर एक लाख से अधिक रुपए ठग लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी। सूरजपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त रमेश चंद्र पांडे के बेटे शुभम पांडे ने बीती रात थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि शुभम पांडे ने अपनी शिकायत में कहा कि 16 जून को उसके पास एक फोन आया और फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह मुंबई हवाई अड्डे के सीमा शुल्क विभाग से बोल रहा है। शिकायत के अनुसार फोन करनेवाले व्यक्ति ने पांडे से कहा कि उसने मलेशिया के लिए एक पार्सल भेजा है, जिसमें कई एटीएम कार्ड और लैपटॉप तथा अन्य संदिग्ध चीज मिली हैं इसलिए पार्सल को रोक लिया गया है और उसके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि शिकायत में पांडे ने कहा कि आरोपी ने पांडे को डरा धमका कर 17 जून को अपने खाते में 79,822 रुपए और 20 जून को अपने खाते में 27,150 रुपए डलवा लिए। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने शिकायत में कहा कि उसने कोई पार्सल नहीं भेजा लेकिन डर से उसने आरोपी को पैसे दिए हैं। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ें:-सपा सांसद ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर कहा- संसद से सेंगोल हटाकर लगाएं संविधान की कॉपी

संबंधित समाचार