आगरा: डेढ़ साल के बेटे को सोता छोड़ा, पति-पत्नी एक ही फंदे से फांसी लगाकर दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा। बाह थाना क्षेत्र के खेड़ा राठौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी ने अपने डेढ़ साल के बेटे को सोता छोड़ एक ही फंदे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जब शुक्रवार सुबह परिवार वालों ने दोनों को फंदे पर लटका हुआ देखा तो चीखपुकार मच गई। जिसे सुनकर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस प्रथम दृष्टया इसे इसे आत्महत्या ही मान रही है। 

जानकारी के मुताबिक, बाह थाना क्षेत्र के खेड़ा राठौर के नंदगवां के रहने वाले सुरजीत की शादी चार साल पहले राधा के साथ हुई थी और उनका डेढ़ साल का एक बेटा भी है। वहीं गुरुवार रात को परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो गए। इस दौरान किसी वक्त दोनों पति-पत्नी ने अपने मासूम बेटे को सोता छोड़ एक ही फंदे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोगों ने दोनों के शव लटके हुए देखे तो कोहराम मच गया। 

वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और परिजनों ने मामले की जानकारी ली। लेकिन दंपति ने अपनी जान क्यों दी, इसके बारे में परिवार के लोग कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। हालांकि पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया आपसी कलह की वजह से दोनों की खुदकुशी करने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- आगरा में पंखे से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

संबंधित समाचार