बाराबंकी: करोड़ों के करार पर हस्ताक्षर करने वाली कंपनियों को नहीं मिल रही भूमि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एमओयू पर हस्ताक्षर करने के बाद ढूंढ रहे सस्ती व अच्छे लोकेशन पर जमीन

बाराबंकी, अमृत विचार। लखनऊ में आयोजित निवेशक शिखर सम्मेलन मेंं (यूपी इंवेस्टर्स समिट) में करोड़ों के निवेश करार पर हस्ताक्षर करने वाली कंपनियों का जिले में सस्ती और अच्छी लोकेशन पर भूमि नहीं मिल पाई है। इनमें करीब आधा दर्जन से अधिक कंपनियां शामिल हैं। शासन व प्रशासन भी निवेशकों को भूमि दिलाने का प्रयास तो कर रहा है लेकिन इसके एवज में निवेशकों को भूमि खरीद महंगी लग रही है। ऐसे में वह सस्ती भूमि की तलाश में बैठे हैं। 

वैसे तो जिले में पिछले कई सालों में बड़ी इंडस्ट्रीज लगी हैं। जहां पर लोगाें को रोजगार भी मिला है। फिर वह चाहे रिलायंस समूह की बायोगैस प्लांट हो या फिर ब्रिटानियां और बीयर की यूनिट। इसी प्रकार कुर्सी औद्योगिक क्षेत्र में भी दर्जनों यूनिटों की स्थापना कर बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने में सफलता मिली है लेकिन अंतिम बार लखनऊ में आयोजित इंवेस्टर्स समिट में करोड़ों के निवेश करार पर हस्ताक्षर करने वाली आधा दर्जन से अधिक कंपनियों को अपनी यूनिट लगाने के लिए सस्ते और अच्छे लोकेशन पर आज तक भूमि नहीं मिल सकी है। ऐसे में इन यूनिटों के लगने का काम धरातल पर उतरता नहीं दिख रहा है ऐसा नहीं है कि जिला उद्योग केंद्र या प्रशासन द्वारा निवेशकों को भूमि दिलाने का प्रयास नहीं किया जा रहा है लेकिन यूनिट लगाने के लिए भूमि की खरीद स्वयं निवेशकों को ही करनी है। कई बार भूमि चिन्हांकन किया गया लेकिन निवेशकों को भूमि की खरीद काफी महंगी दिखने से पीछे हट गए हैं। यही वजह है कि इन आधा दर्जन से अधिक यूनिटों के लगने पर ग्रहण लगता दिख रहा है। मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र रहमान अंसारी ने बताया कि योजना के तहत भूमि की व्यवस्था निवेशकों को स्वयं करनी होती है। सस्ती व अच्छे लोकेशन को लेकर भूमि की तलाश कंपनियां कर रही हैं। 

सोनिकपुर में 106 करोड़ से बन रहा बायोगैस प्लांट
शहर के देवा मार्ग पर स्थित रिलायंस समूह का बायोगैस प्लांट लगने के बाद अब इसकी दूसरी इकाई हैदरगढ़ तहसील क्षेत्र के सोनिकपुर गांव के पास 12 एकड़ में बन रही है। इस पर करीब एक अरब छह करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होने की बात कही गई है। इस प्लांट के बन जाने के बाद जहां इस क्षेत्र के लोगों को राेजगार मुहैया हो सकेगा। वहीं खेतों में पराली जलाने से छुट्टी भी मिलेगी क्योंकि प्लांट द्वारा किसानों के खेतों से पराली को खरीदेगा। इस प्लांट का निर्माण तेजी से चल रहा है।

शहर में तैयार हो रहा 50 करोड़ का एनवी मॉल
शहर के लखनऊ मार्ग पर गायत्री मंदिर के पास 50 करोड़ की लागत से एनवी नाम से एक मॉल का निर्माण कराया जा रहा है। जो जिले का सबसे बड़ा मॉल होगा। बताया जा रहा है कि दो माह के अंदर यह बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने के बाद इस मॉल में मल्टीप्लेक्स सिनेमाहाल के साथ बड़ी-बड़ी कंपनियों के विभिन्न उत्पादों के शो-रूम खुलेंगे। प्रत्येक शो-रूम में स्थानीय निवासियों को घर बैठे अच्छा रोजगार मिल सकेगा। यह माल भी एमओयू के तहत किए गए हस्ताक्षर के बाद पिछले एक साल से तैयार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - UP Transfer: दो उप आबकारी आयुक्त का हुआ स्थानांतरण, प्रशासनिक फेरबदल जारी

संबंधित समाचार