बदायूं: जलभराव नहीं किया दूर, पालिका बोर्ड की बैठक में सभासदों का हंगामा
सहसवान, अमृत विचार: नगर पालिका परिषद सहसवान की बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। पालिका अध्यक्ष मीर हादी अली उर्फ बाबर मियां ने सभासदों के साथ क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चर्चा शुरू की। नगर में जलभराव से आक्रोशित सभासदों ने हंगामा शुरू कर दिया। कहा कि नगर में जलभराव की वजह से लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। पानी निकासी की जल्द व्यवस्था करें। सभासदों का गुस्सा देखकर अधिशासी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने सभासदों को समझाकर शांत कराया।
शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे नगर पालिका परिषद सभागार में पालिका अध्यक्ष मीर हादी अली उर्फ बाबर मियां की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई। बारिश में सभासद के क्षेत्र में सड़कों पर जलभराव के चलते सभासदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। कहा कि कई महीनों से नगर में जल निगम पाइपलाइन बिछाने के लिए जमीन खोद रहा है लेकिन पाइपलाइन डालने के बाद भी गड्ढे बंद नहीं किए जा रहे।
कहीं पाइप सड़क से बाहर आ गए हैं तो कहीं सड़कें खराब हैं। नगर पालिका को बारिश के मौसम से पहले ही नालों की तलीझाड़ सफाई करानी चाहिए थी जो नहीं कराई गई। जिससे नाले चोक पड़े हैं। सड़कों का गंदा पानी नीचले स्तर पर बने घरों में जा रहा है। जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर पालिका अध्यक्ष ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
वार्ड 14 के मोहल्ला दहलीज में पेयजल व्यवस्था ठप है। लोगों के सामने पेयजल की किल्लत है। उन्होंने पालिका अध्यक्ष से पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। पालिका अध्यक्ष ने नाराज सभासदों को आश्वासन दिया कि कि प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर नगर के सभी नालों की सही से सफाई कराई जाएगी। कहा कि जल्द ही जल्द ही पेयजल व्यवस्था भी सही कराई जाएगी।
पालिका अध्यक्ष के आश्वासन और अधिशासी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार के आश्वासन पर सभासद शांत हुए। बैठक का संचालन स्वास्थ्य निरीक्षक अब्दुल फरीद ने किया। पालिका के वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद इस्हाक, कमर जमशेद, जल कल लिपिक खुर्शीद आलम, अवर अभियंता अंसार हुसैन, कदीर उल हसन उर्फ गुड्डू आदि उपस्थित रहे।
यह रही सभासदों की मांग
वार्ड 10 के मोहल्ला नयागंज के सभासद चंद्रपाल मौर्य ने मोहल्ला नयागंज स्थित सुभाष चंद्र बोस पार्क के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा। स्ट्रीट लाइट के अलावा पार्क में बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था हो। वार्ड 6 के सभासद प्यारे मियां कुरेशी ने मोहल्ला बजरिया की बाल्मीकि बस्ती में वैवाहिक कार्यक्रम के लिए स्थान चिंह्नित करके मैरिज लॉन के निर्माण का प्रस्ताव रखा।
यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिए गए हैं। कहा कि जल्द ही प्रस्तावों पर काम शुरू कर दिया जाएगा। सभासदों ने कहा कि वार्डों की गलियों में बिजली के खंभे लगवाए गए हैं लेकिन स्ट्रीट लाइट न होने से अंधेरा छाया रहता है। यहां स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराएं। लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- बदायूं: हैंडपंप पर पानी भरने के दौरान गिरी दीवार, बच्ची की मौत, एक घायल
