Copa América : ब्राजील ने कोपा अमेरिका कप ग्रुप डी के फुटबॉल मैच में पराग्वे को 4-1 से हराया, विनिसियस जूनियर ने दागे दो गोल
लास वेगास। विनिसियस जूनियर के पहले हाफ में किये गये दो गोल की मदद से ब्राजील ने कोपा अमेरिका कप ग्रुप डी के फुटबॉल मैच में पराग्वे को 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की करने का अपना दावा मजबूत किया। ब्राजील के लिए साविन्हो ने पहले हाफ में गोल भी किया और लुकास पाक्वेटा ने दूसरे हाफ में पेनल्टी किक पर गोल किया। पराग्वे के लिए उमर एल्डेरेटे ने गोल किया।
— Brasil Football 🇧🇷 (@BrasilEdition) June 29, 2024
विनिसियस ने मैच के 35वें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला जबकि साबियो ने 43वें मिनट में टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। विनिसियस ने मध्यांतर से ठीक अपने दूसरे गोल के साथ मैच पर ब्राजील का दबदबा बना दिया। पाक्वेटा ने 61वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। एल्डेरेटे ने 81वें मिनट में पराग्वे के लिए सांत्वना गोल दागा। मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच तनाव और विवाद के भी पल दिखे। इस दौरान रेफरी को पांच बार येलो कार्ड जबकि एक बार रेड कार्ड दिखाना पड़ा। मैच के 81वें मिनट में आंद्रेस कुबास को रेड कार्ड दिखाया गया जिससे पराग्वे को आखिरी कुछ मिनटों में 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने पर मजबूर होना पड़ा।
Bautismo en las redes de la CONMEBOL Copa América™ para Vini Jr 🙌 pic.twitter.com/GOUN3lSg66
— CONMEBOL Copa América™️ (@CopaAmerica) June 29, 2024
ब्राजील को अंतिम आठ में जगह बनाने की संभावना बढ़ाने के लिए इस मैच में जीत की जरूरत थी क्योंकि उसे ग्रुप के शुरुआती मैच में कोस्टा रिका ने गोलरहित बराबरी पर रोक दिया था। इस मैच के बाद ब्राजील चार अंक के साथ कोलंबिया के बाद ग्रुप तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। टीम का अगला मुकाबला कोलंबिया के खिलाफ ही है। ब्राजील को अगर-मगर के फेर के बिना अंतिम आठ में पहुंचने के लिए इस मैच को कम से कम ड्रॉ करना होगा।
ये भी पढे़ं : IND-W vs SA-W Test Match : भारतीय महिला टीम ने टेस्ट क्रिकेट में बनाया सबसे बड़ा टीम स्कोर
