कानपुर मंडल के सभी अस्पतालों के अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण; सीखेंगे मरीजों से अच्छा व्यवहार करना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रशिक्षण प्राप्त करने लखनऊ जाएंगे सीएमएस, मैनेजर व सिस्टर इंचार्ज

कानपुर, अमृत विचार। मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने के लिए कानपुर मंडल के सभी अस्पताल के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इन्हें लखनऊ में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उसके बाद प्रशिक्षित सीएमएस, मैनेजर व सिस्टर इंचार्ज अस्पताल में आकर सभी डॉक्टरों, स्टाफ व कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण देंगे। 

कानपुर शहर में उर्सला, डफरिन, कमलापत मेमोरियल व कांशीराम संयुक्त जिला चिकित्सालय हैं। इन सभी अस्पतालों की ओपीडी में मंडल के जिलों से अच्छी खासी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। मरीजों व तीमारदारों के प्रति कभी-कभी डॉक्टरों का व्यवहार गलत हो जाता है जिसके बाद अस्पताल में कहासुनी और झगड़े तक की नौबत आ जाती है। 

वहीं, सरकारी अस्पतालों में इलाज के नाम पर रुपये लेने के मामले भी पूर्व में सामने आ चुके हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल तक शिकायतें हो चुकी हैं। ऐसी शिकायतों पर अंकुश लगाने और अस्पताल की छवि धूमिल होने से बचाने के लिए शासन ने एक योजना तैयार की है, जिसके तहत कानपुर नगर के साथ ही मंडल के सभी अस्पतालों के सीमएस, मैनेजर व सिस्टर इंचार्ज को मरीजों से कैसा व्यवहार करना है आदि के संबंध में लखनऊ में प्रशिक्षण दिया जाएगा। 

लखनऊ जाएंगे जिम्मेदार अधिकारी 

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की अपर निदेशक डॉ.संजू अग्रवाल ने बताया कि शासन की ओर से कुछ विषयों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम होने हैं, जिनमें डॉक्टरों व स्टाफ का मरीजों के प्रति और आपस में कैसा व्यवहार रखना है, इस संबंध में मंडल के सभी अस्पताल के सीएमएस, मैनेजर व सिस्टर इंचार्ज को प्रशिक्षण के लिए लखनऊ जाना है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: सो रहा आरटीओ, ट्रैफिक नियम रौंद रहे ई-रिक्शे, बीच सड़क पर सवारी उतारते और बिठाते, फैलाते अराजकता

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज