हमीरपुर में कोतवाली के बाहर शराब में सल्फास मिला कर पिया, मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर, अमृत विचार। पड़ोसियों के साथ हुई मारपीट मामले में शिकायत लेकर सदर कोतवाली पहुंचे एक पीड़ित ने सुनवाई न होने पर शराब में जहर मिलाकर पी लिया। वहीं इससे पहले वह कोतवाली के बाहर सड़क पर लेटकर हंगामा करता रहा। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के बेटे ने कहा पिता के साथ दो पड़ोसियों ने गाली गलौज व मारपीट की थी। जिसकी वह शिकायत करने कोतवाली आया था।

शहर के चुनकी डेरा निवासी अमर सिंह (50) शनिवार दोपहर सदर कोतवाली पहुंचा। यहां वह सड़क पर लेटकर पुलिस को गाली गलौज कर हंगामा करता रहा। फिर पुलिस से कहा उसने सल्फास खा लिया है। कुछ देर बाद ही अचानक वह उल्टी करने लगा। जिस पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी इलाज दौरान मौत हो गई। अमर सिंह के बेटे राजेश ने बताया कि उसके पिता के साथ पड़ोस के दो लोगों ने शुक्रवार की शाम व शनिवार को गाली गलौज कर मारपीट की थी। इसकी शिकायत करने वह कोतवाली आया था, जहां से पुलिस ने उसे भगा दिया। इसी से आक्रोशित होकर शराब में सल्फास मिलाकर पी ली। 

सदर कोतवाली प्रभारी डीके मिश्रा का कहना है कि अमर सिंह कोतवाली के अंदर नहीं आया और न ही कोई शिकायत की है। बाहर ही सड़क पर लेट गया। सूचना पर वह खुद बाहर गए और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -लखनऊ: पीजीआई में मूत्राशय के रास्ते से की गई प्रोस्टेट कैंसर की रोबोटिक सर्जरी-डॉक्टर्स ने किया ये बड़ा दावा

संबंधित समाचार