पीलीभीत: पीटीआर में ऑपरेशन मानसून शुरू..ताकि बरसात में महफूज रहें वन और वन्यजीव
पीलीभीत, अमृत विचार। मानसून सीजन के दौरान पीटीआर के वन एवं वन्यजीवों को शिकारियों समेत वन अपराधियों की कुदृष्टि से बचाने के लिए टाइगर रिजर्व प्रशासन ने आपरेशन मानसून शुरू किया है। ऑपरेशन मानसून के तहत वन क्षेत्रों के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की कड़ी निगरानी की जाएगी। डिप्टी डायरेक्टर ने सभी रेंज ऑफिसरों को दिशा निर्देश जारी करते हुए वन एवं वन्यजीव से जुड़े अपराधियों को चिन्हित करते हुए उन पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
ऑपरेशन मानसून के दौरान सभी वन अफसरों एवं वनकर्मियों को बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने की हिदायत दी गई है। तराई की तलहटी में बसे इस जनपद में बारिश दस्तक दे चुकी है। बरसात के दौरान पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल मार्गों पर जगह-जगह जलभराव एवं कीचड़ हो जाती है। जंगल मार्गों के कच्चे होने के कारण वाहनों का आवागमन भी बाधित हो जाता है। घास की ऊंचाई बढ़ने से जंगल क्षेत्रों में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
ऐसे में वन अफसरों और वनकर्मियों को जंगल क्षेत्र में गश्त करने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मानसून सीजन के दौरान शिकारी और वन अपराधी इसी फायदा उठाने की फिराक में लगे रहते हैं। इधर पीटीआर प्रशासन ने वन एवं वन्यजीवों को शिकारियों एवं वन अपराधियों की कुदृष्टि से बचाने के लिए 15 अक्टूबर तक ऑपरेशन मानसून विशेष सुरक्षा अभियान शुरू किया है। पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने ऑपरेशन मानसून को लेकर सभी रेंज अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
रूट चार्ट के मुताबिक होगी गश्त, आने-जाने का समय होगा दर्ज
डिप्टी डायरेक्टर की ओर जारी दिशा निर्देश में प्रत्येक क्षेत्रीय वनाधिकारी को प्रतिदिन अपनी रेंज में उपलब्ध वनकर्मियों के लिए गश्त का रूट चार्ट तैयार कर गश्त पर भेजने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक वन चौकी पर एक गश्त पंजिका बनाने और उसमें संबंधित वनकर्मी के गश्त पर आने-जाने का समय दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेंज अधिकारी प्रत्येक सप्ताह गश्त पंजिका की जांच करेंगे। सभी रेंज अफसर जंगल क्षेत्र के साथ संवदेनशील क्षेत्रों में भी रोजाना गश्त की जाएगी। संवदेनशील क्षेत्रों में हथियारों के साथ वनकर्मियों को वाहन से गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जंगल क्षेत्रों के भीतर बीट वन रक्षक भी वॉचरों के साथ पैदल गश्त करेंगे।
उत्तराखंड सीमा से सटे जंगल की होगी विशेष निगरानी
पीटीआर से सटी उत्तराखंड की सीमा से सटे जंगल क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जाएगी। रेंज के सभी स्टाफ को गश्त के दौरान एक दूसरे से संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आकस्मिक घटना पर तत्काल उस पर एक्शन लिया जा सके। आरक्षित जंगल के आसपास के गांवों में संदिग्ध व्यक्तियों के आने-जाने पर भी नजर रखी जाएगी।
सभी क्षेत्रीय वनाधिकारियों को वन एवं वन्यजीव अपराधों के लिए चिन्हित वन अपराधियों को सूचीबद्ध करते हुए उन पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। मानसून सीजन के दौरान अवैध कटान एवं अवैध शिकार के लिए संवेदनशील वन ब्लॉकों को चिन्हित करते हुए मुखबिर तंत्र को मजबूत करने को निर्देशित किया गया है।
मानसून सीजन के दौरान वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर ऑपरेशन मानसून शुरू किया गया है। इसको लेकर सभी क्षेत्रीय वन अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। अवांछनीय तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। अवैध रूप से जंगल में घुसपैठ करने वालों सख्त कार्रवाई की जाएगी- मनीष सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व
