सुल्तानपुर : नहीं कम हो रही मुश्किल, पूर्व विधायक सोनू पर हत्या का मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोनू के भाई पूर्व प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू समेत छह नामजद, मायंग के पूर्व प्रधान के भाई की सड़क दुर्घटना में हुई मौत का मामला

सुलतानपुर, अमृत विचारः अभी हाल ही में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से छूटकर आए पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को गोसाईगंज पुलिस ने पूर्व विधायक चन्द्रभद्र सिंह सोनू, उनके भाई पूर्व ब्लाक प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला व साजिश रचने जैसे गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा पुलिस ने निवर्तमान प्रधान के भाई की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बाद मिली तहरीर के आधार पर लिखा है।

धनपतगंज थाना क्षेत्र के मायंग गांव निवासी निवर्तमान प्रधान रामदेव निषाद ने गोसाईगंज पुलिस को  तहरीर दी है। बताया है कि जब वह ग्राम पंचायत का प्रधान था। पूर्व विधायक उससे कुछ फर्जी कार्य कराना चाह रहे थे। जिसका उसने विरोध करते हुए मुकदमा भी दर्ज कराया था। जिससे उनकी पूर्व विधायक सोनू सिंह से रंजिश चली आ रही है। राम देव निषाद का कहना है कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन बजे उनका भाई जगदेव निषाद अपने मित्र विनय यादव पुत्र रामफेर यादव निवासी गोविंदा का पुरवा मायंग के साथ बाइक से ज़िला मुख्यालय से घर वापस आ रहा था। वह दोनों मायंग कटका मार्ग पर महिलौ आशापुर गांव से पांच सौ मीटर पहले पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने जान बूझकर टक्कर मार दी।

घायल अवस्था में जगदेव निषाद, विनय यादव को सुलतानपुर मेडिकल कालेज ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया। रात में इलाज के दौरान जगदेव निषाद की मौत हो गए। रामदेव निषाद का आरोप है कि चंद्रभद्र सिंह सोनू व यशभद्र सिंह मोनू व उनके सहयोगी सूर्यप्रकाश सिंह, मंजीत सिंह उर्फ रोशन, सत्येंद्र सिंह निवासी मायंग ने साजिशन अज्ञात वाहन चालक से हत्या करवाई है। पुलिस ने केस दर्ज कर वायरल वीडियो की भी जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर प्रशांत सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


मुकदमा दर्ज होने पर हुआ अंतिम संस्कार

जगदेव के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद घर लाया गया। 25 घंटे से भी अधिक समय तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। दुर्घटना शुक्रवार को हुई। अचानक रविवार को परिजन दोनों भाईयों के खिलाफ केस दर्ज कराने पर अड़ गए। परिवारीजनों ने कहा कहा कि मुकदमा दर्ज किया जाय तो अंतिम संस्कार होगा। रामदेव निषाद के घर व गांव में सुबह से ही पुलिस सक्रिय रहीं। बल्दीराय थानाध्यक्ष आरबी सुमन, हलियापुर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी सौरभ सावंत व धनपतगंज की पुलिस मौजूद रहीं। पुलिस के काफी समझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार को राजी हुए।
उधर, पूर्व विधायक चंद्र भद्र सिंह सोनू का कहना है कि हमारा इस घटनाक्रम से कोई लेना देना नहीं है। राजनीतिक तौर पर फंसाया जा रहा है। पुलिस जांच में घटना की सत्यता सामने आ जायेगी।

घटना का दो वीडियो हो रहा सोशल मीडिया पर वायरल

शुक्रवार शाम को मायंग-कटका मार्ग पर हुई घटना को लेकर दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पहले वीडियो में दिख रहा है तेज रफ्तार बाइक सवार खुद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर रही है। दुर्घटना के पहले दो बाइक वीडियो में जाते देखी जा रही है। घटना के बाद करीब एक मिनट तक कोई वाहन आता जाता नहीं दिख रहा है। घटना के करीब आधा मिनट बाद कुछ लोग घायलों के पास आते नजर आ रहे है।

वहीं एक दूसरा वीडियो घायल अवस्था का वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लोग एंबुलेंस बुलाने की बात कह रहे हैं। हालांकि, अमृत विचार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं कर रहा है। सीओ जयसिंहपुर का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। एसपी सोमेन बर्मा ने बात करने का प्रयास किया गया तो उनके पीआरओ ने बताया कि कप्तान साहब एनआईसी में चल रही वीडियो कांफ्रेंसिंग में है।

यह भी पढ़ें:- लखनऊ : संदिग्ध परिस्थतियों में पांच वानरों की मौत, विसरा सुरक्षित

संबंधित समाचार