मुरादाबाद : पति की शादी में पहली पत्नी ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा, मची भगदड़...पुलिस कर रही मामले की जांच 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पति की दूसरी शादी होने की जानकारी पर पहुंची पहली पत्नी ने तीन घंटे तक समारोह में हंगामा किया। जिससे शादी हॉल में खाना खा रहे लोगों में भगदड़ मच गई। महिला ने कहा कि इसने 2019 में मुझसे शादी की है। इसके बाद तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझा-बुझाकर शांत किया। महिला ने पति समेत पांच के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

थाना क्षेत्र की निवासी महिला ने तहरीर में बताया है कि मैनाठेर थाना क्षेत्र निवासी युवक से जनवरी 2019 में निकाह हुआ था। शादी के बाद पति ने छोटी बहन की शादी के बाद साथ में घर ले जाने के लिए कहा। महिला का आरोप है कि इस बीच युवक ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसी बीच वह कई बार युवक के घर भी गई। जहां पर पति समेत ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पति ने तीन तलाक बोलकर घर से भगा दिया।

 पीड़िता ने तहरीर में बताया है कि रविवार को उसे पति की दूसरी शादी का कार्ड मिला। आनन-फानन वह शादी समारोह में पहुंच गई। जहां पर वह दूसरी महिला के साथ गुपचुप शादी रचा रहा था। इसके बाद महिला ने हंगामा करना शुरू कर दिया। शादी हॉल में खाना खा रहे लोगों में भगदड़ मच गई। रोते-बिलखते महिला ने तीन घंटे तक विवाह समारोह में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ा, तेज बहाव में बह गया लकड़ी का पुल

 

 

संबंधित समाचार