ट्रक का कहरः एक की मौत, तीन घायल, चालक वाहन समेत हुआ फरार
नानपारा/बहराइच, अमृत विचार: जिले के नानपारा नगर में मंगलवार रात को तेज रफ्तार ट्रक ने इमामगंज चौराहे के पास दुकान के सामने खड़ी माधुरी देवी को ठोकर मार कर कुचल दिया। जिसकी वजग से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी को लेकर भागने लगा। ट्रक चालक लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए घटना स्थल से 300 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप के पास खड़े छोटा हाथी वाहन को सामने से जोरदार ठोकर मार दिया। इसमें वाहन में बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमे आनंद स्वरूप (31) पुत्र राम कुंवारे निवासी मथुरा तथा मनोज कुमार (34) पुत्र छोटेलाल निवासी नानपारा को गंभीर चोटें आई तथा पास में ही खड़े अमन सोनी उम्र 30 वर्ष पुत्र रमेश चंद्र निवासी जुबलीगंज को भी चोट लग गई।
आसपास के लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया जहां पर उनका इलाज चल रहा है। घटना की तहरीर मृतका के पति राजेंद्र पुत्र जानकी निवासी कहारन टोला ने पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया की दोनों घटनाओं की एक साथ तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। ट्रक की तलाश की जा रही है। वहीं घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नानपारा रूपैईडीहा मार्ग से चालक तेज रफ्तार में ट्रक इतनी लापरवाही से चला रहा था कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास भी घटना होते-होते बची।
यह भी पढ़ेः अयोध्या पहुंचे बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भगवान राम को समर्पित किए बाल
