बरेली: 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में जेल गए मोहनपुर के प्रधान के भाई ने वादी को भेजी धमकी भरी चिट्ठी
पीड़ित ने एसएसपी से की शिकायत, कैंट पुलिस कर रही जांच, जांच में सत्यता पाई गई तो बढ़ेंगी ग्राम प्रधान की और मुश्किलें
कैंट, अमृत विचार। जमीन के विवाद में 50 लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में जेल गए प्रधान के भाई ने मुकदमे में वादी के पते पर स्पीड पोस्ट से जान से मारने की धमकी भरी चिट्ठी भेजी है। बुधवार को एसएसपी से वादी ने शिकायत की।
एसएसपी ने कैंट पुलिस को चिट्ठी की जांच करने के निर्देश दिए हैं। 8 जून को अंकिश त्रिपाठी निवासी 230 चौधरी मोहल्ला थाना किला ने थाना कैंट के मोहनपुर गांव के प्रधान जाकिर, उसके दोनों भाई वाजिद और आसिफ और 40-50 लोगों के खिलाफ जमीन के विवाद को लेकर घर में घुसकर 50 लाख की रंगदारी, छेड़खानी, मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी प्रधान जाकिर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पीड़ित अंकिश त्रिपाठी ने बुधवार को एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि जेल गए ग्राम प्रधान के भाई वाजिद ने उनके नाम स्पीड पोस्ट से एक धमकी भरा पत्र भेजा है। पत्र में धमकी दी गई है कि चार तारीख को जाकिर की जमानत होने के बाद में हम बुलडोजर से जमीन की बाउंड्री गिरा देंगे। और जाकिर की जमानत में 25 लाख रुपये का खर्चा हुआ है। वह 25 लाख और 48 लाख रुपये जमीन में रास्ता देने के तुझसे वसूल करेंगे। अब तुझे 73 लाख रुपये देने होंगे। अन्यथा तेरे पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। एसएसपी ने कैंट पुलिस को चिट्ठी की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
इंस्पेक्टर जगनारायण पांडेय ने बताया कि मुकदमे के वादी को आरोपियों ने धमकी भरा पत्र भेजने की शिकायत मिली है। चिट्ठी की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: दहशत में शाही...जैसे नौ महिलाओं को मारा गया, वैसे ही की अनीता की हत्या
