पीलीभीत: स्वर्ग सिधार गए जनपद के 2950 बुजुर्ग पेंशन धारक, सत्यापन में हुआ खुलासा...शासन को भेजी रिपोर्ट
पीलीभीत, अमृत विचार: जनपद के 2950 बुजुर्ग पेंशनधारकों की मौत हो गई। इसका खुलासा शासन के निर्देश पर हुए सत्यापन के दौरान हुआ। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी गई है।
जनपद में वित्तीय वर्ष 2023-24 में करीब 77 हजार बुजुर्ग वृद्धावस्था पेंशन योजना से जुड़े थे। योजना के तहत प्रदेश सरकार गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले बुजुर्गों के लिए एक हजार रुपए प्रतिमाह आर्थिक सहायता देती है।
चालू वित्तीय वर्ष में शासन ने वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे बुजुर्गों का अप्रैल एवं मई माह में सघन सत्यापन कराने के निर्देश दिए थे ताकि मृतक या अपात्र पेंशनरों की पेंशन रोकी जा सके। शासन के निर्देश पर जनपद में बुजुर्ग पेंशनरों का सत्यापन कराया गया। सभी ब्लॉकों में सत्यापन कार्य पूरा होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी गई।
समाज कल्याण विभाग के मुताबिक सत्यापन रिपोर्ट में पूरे जिले में 2950 पेंशनरों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। वहीं, अब शासन द्वारा चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही की किश्त पात्र पेंशनरों को जारी की गई है। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्र मोहन विश्नोई ने बताया कि सत्यापन रिपोर्ट पूर्व में शासन को भेजी गई थी। अब मृतकों के नाम हटाने के बाद शेष बचे पेंशनरों को पेंशन की किस्त जारी की गई है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: जुए में हारी रकम तो परिवार की डांट का सताया डर, किशोर ने फंदे से लटककर दे दी जान
