बरेली: पोल में आ रहे करंट से झुलसा किशोर, तीन गोवंशीय पशुओं की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

क्षेत्रवासियों में रोष का माहौल, विभाग पर लापरवाही का आरोप

बरेली, अमृत विचार। बारिश के मौसम में बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर में करंट आने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। शुक्रवार की रात कई जगह से मामले सामने आए। इनमें तीन गोवंशीय पशुओं की मौत हो गई, जबकि एक किशोर करंट लगने से झुलस गया। एसडीओ के निर्देश पर बिजली के पोल में आ रहे करंट को ठीक कराया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण कई स्थानों पर पोल में करंट आ रहा है। इसको लेकर लोगों में रोष पनपने लगा है।

सीबीगंज थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी मिश्रीलाल ने बताया कि उनके घर के सामने बिजली का पोल लगा है। शुक्रवार को पोल में आ रहे करंट की चपेट में आकर एक गाय की मौत हो गई। उसके बाद ट्यूबवेल के पास लगे ट्रांसफॉर्मर की चारदीवारी के पास से गुजर रहे गोवंशीय पशु की भी करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। 

गांव के ही रहने वाले कल्लू ने बताया कि उनका 10 साल का बेटा नावेद दुकान पर सौदा लेने जा रहा था। रास्ते में उसने बिजली के पोल को छू लिया, जिससे उसका हाथ झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से किशोर को बचाया जा सका। सुभाषनगर क्षेत्र के बाजपेई ढाल के पास भी एक गोवंश की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। एसडीओ सीबीगंज रोहित सिंह ने बताया कि गांव के लोगों ने करंट आने की सूचना दी थी। उसके बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजकर उसे ठीक करा दिया गया।

पिछले साल छात्रा की हुई थी मौत
पिछले साल भी ट्रांसफार्मर की फेंसिंग में आ रहे करंट की चपेट में आकर स्कूल जा रही छात्रा लक्ष्मी की मौत हो गई थी। इसके बाद भी कई जगह पर ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभों को कवर नहीं किया गया है, जिससे आए दिन करंट लगने के मामले सामने आते रहते हैं। बारिश के मौसम से पहले ही पावर काॅरपोरेशन के मुख्य अभियंता रणविजय सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि अपने-अपने क्षेत्र में निरीक्षण करके देख लें कि कहीं पर पोल और ट्रांसफार्मर में करंट तो नहीं आ रहा है। उसके बाद भी अब तक ट्रांसफार्मरों को कवर नहीं किया गया है।

ये भी पढ़ें- बरेली: पति से रिश्ता तुड़वाकर प्रेमी ने शादी से किया इन्कार, रिपोर्ट दर्ज 

संबंधित समाचार