पीलीभीत: शारदा और देवहा नदी का बढ़ा जलस्तर...बाढ़ का अलर्ट, टीम को सतर्क रहने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पहाड़ों समेत नेपाल में हो रही लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। इससे दोनों नदी के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने से ट्रांस शारदा क्षेत्र में गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इधर जिला प्रशासन ने बाढ़ की संभावना पर अलर्ट जारी किया है। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों समेत बाढ़ चौकियों की टीमों का अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
          
जनपद में पिछले 29 जून से लगभग रोजाना ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सड़क से लेकर खेतों तक में पानी ही पानी देखा जा रहा हैं। इधर पहाड़ों समेत नेपाल में पिछले तीन दिन से हो रही लगातार बारिश से नदियों के जलस्तर भी तेजी से बढ़ने लगा है।

शनिवार शाम बनबसा बैराज से शारदा नदी में 1.29 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। वहीं रविवार शाम करीब तीन बजे को शारदा नदी में 1.69 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि देवहा नदी में 5456 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। इससे दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। शारदा नदी में जलस्तर बढ़ने से ट्रांस शारदा क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात हो गए। ट्रांस शारदा क्षेत्र के बैल्हा गांव में बाढ़ की पानी घुसने की जानकारी सामने आई है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष और बेटे पर धोखाधड़ी की FIR, SP के आदेश पर कार्रवाई...जानिए पूरा मामला 

संबंधित समाचार