बरेली: गोलीकांड के आरोपियों पर जल्द लगेगा गैंगेस्टर, पुलिस ने आरोपियों का आपराधिक इतिहास जुटाया
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर क्षेत्र के पीलीभीत बाईपास पर प्लॉट पर कब्जे के लिए गोलीकांड मामले में फरार सभी आरोपियों का पुलिस ने आपराधिक इतिहास जुटा लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने का खाका तैयार कर लिया है। जल्द ही गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।
22 जून की सुबह पीलीभीत बाईपास पर महादेव मार्बल शोरूम के पास करोड़ों की जमीन पर कब्जे के लिए राजीव राणा और आदित्य उपाध्याय पक्ष में फायरिंग हुई थी। इस मामले में राणा और उपाध्याय पक्ष के होटल और मैरिज हाल पर बुलडोजर चला दिया गया था। पुलिस इस मामले में राजीव राणा समेत 30 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
अभी बदमाशों को होटल में शरण देने वाले सीके वैली होटल के मालिक चांद मियां, राजीव राणा का भाई गौरीशंकर समेत 24 आरोपी फरार हैं। इज्जतनगर थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास जुटा लिया गया है। जल्द ही गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।
