औरैया में सड़क हादसे में पूर्व सैनिक सहित दो की मौत: पूर्व दस्यु अरविंद गुर्जर की पुत्री की शादी में शामिल होने आए थे...दो घायल
औरैया में हादसे में दो की मौत
औरैया, अमृत विचार। अजीतमल कस्बा बाबरपुर स्थित हाईवे के किनारे पर स्थित एक मैरिज होम के सामने एक कंटेनर ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोगों में से दो की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
इटावा जनपद के थाना भरेह अंतर्गत पहालन गांव निवासी पूर्व दस्यु अरविंद गुर्जर की पुत्री नंदिनी व मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी गोलू के विवाह की रस्में चल रही थी। शादी के कार्यक्रम में सभी लोग जुटे हुए थे। साथ ही विवाह में शामिल होने के लिए पहालन गांव निवासी सेवा निवृत सैनिक 55 वर्षीय राजुवेंद्र सिंह उर्फ लऊआ पुत्र नबाब सिंह, उनकी कार का ड्राइवर भरेह थाना अंतर्गत महुआसूंडा गांव निवासी पप्पू पुत्र जयकरन सिंह, पहालन गांव निवासी विहंगम सिंह पुत्र गुरुनारायण सिंह, इमिलिया भरेह गांव निवासी लालजी पुत्र गोविंद सिंह भी आये थे।
राजवेंद्र, विहंगम, लालजी को कार से राजवेंद्र कहीं ले जा रहा था, कार ड्राइवर पप्पू चला रहा था। जैसे ही मैरिज होम से कार हाईवे पर पहुंची वैसे ही औरैया से इटावा की और जा रहा कंटेनर की कार से भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कार में सवार सभी लोग अंदर फंस गए। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह कार मे फंसे लोगो को बाहर निकाल कर सीएचसी अजीतमल भेजा, जहां डाक्टरों ने राजवेंद्र और कार चालक पप्पू को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें- Unnao News: ऑनलाइन हाजिरी का विरोध, विभाग ने एक दिन का वेतन काटा
