Badaun: पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार, हेड कांस्टेबिल घायल
कुंवरगांव/बदायूं, अमृत विचार: थाना कुंवरगांव में पुलिस मुठभेड़ के बाद गोरखपुर में चोरी के मामले में सालों से गायब चल रहे बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस की तरफ से पांच हजार के इनाम भी घोषित किया गया था। सोमवार रात में गाड़ियों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने जब बाइक को रूकने के लिए इशारा किया तो बदमाश भागने का प्रयास करने लगा। इस पर जब पुलिस उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो उसने फायरिंग करनी शुरू कर दी थी। इस दौरान एक हेड कांस्टेबिल घायल हो गए। वहीं जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई।
दरअसरल, सोमवार देर रात लगभग साढ़े 11 बजे थाना कुंवरगांव के थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ गांव कासिमपुर मार्ग के खासपुर व करौतिया मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान गांव खासपुर की ओर से एक बाइक सवार आता हुआ देखा तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। जिसपर वह पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा और उसने पुलिस पर लगातार फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसमें से एक गोली हेड कांस्टेबिल विनोद कुमार शर्मा के हाथ में लगती हुई निकल गई। जिसके बाद जवाबी फायरिंग में बाइक सवार बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसके पास से एक तमंचा, पांच खोखा कारतूस और बाइक बरामद की।
पूछताछ में उसने अपना नाम थाना कादरचौक क्षेत्र के गांव कादरबाड़ी निवासी तकरीम उर्फ बड्डे पुत्र जहूर हसन बताया। जानकारी में पता चला कि साल 2022 में गोरखपुर के थाना सिकरीगंज में हुई चोरी में वांछित है। गोरखपुर पुलिस ने उसपर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उसके खिलाफ जिला फर्रुखाबाद के थाना फतेहगढ़, शमशाबाद, शाहजहांपुर के थाना पुवायां व रोजा, मैनपुरी के थाना कुरावली, बदायूं के थाना कादरचौक और गोरखपुर के थाना सिकरीगंज में बलवा, मारपीट, धमकाने, चोरी, आबकारी अधिनियम, डकैती के लिए एकत्र होने व डकैती की तैयारी करने आदि के मामले दर्ज हैं। बदमाश के खिलाफ पुलिस मुठभेड़, आर्म्स एक्ट आदि के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज करके उसे जेल भेजा गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रामेंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक इंतजार हुसैन व मलखान सिंह, गिरिराज सिंह, विनोद कुमार, हरीश कुमार, आयुष कुमार रहे।
यह भी पढ़ेः ॐ नमः शिवाय का जप करते हुए दिया धरना
