बरेली: कई जगह ट्रैक पर पानी भरने से सिग्नल फेल...कई ट्रेनें प्रभावित, 8 घंटे तक कॉशन देकर ट्रेनों को गुजारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लगातार बारिश से पीताबंरपुर, बिलपुर, टिसुआ और रसुईया में ट्रैक पर पानी भरने से सिग्नल फेल हो गया। इसकी वजह से रविवार रात 1 बजे से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। लखनऊ मेल, बेगमपुरा एक्सप्रेस, सुहेलदेव सुपरफास्ट समेत करीब 24 ट्रेनों को जहां-तहां रोकना पड़ा। करीब आठ घंटे तक ट्रेनों को कॉशन देकर गुजारा गया।

रात करीब 1 बजे के ट्रैक पर पानी भरा तो सिग्नल फेल हो गया और पद्मावत एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, अर्चना एक्सप्रेस, गंगा सतलुज एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस, सुहेलदेव सुपरफास्ट आदि ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। डाउन लाइन की ट्रेनें बरेली जंक्शन से निकलने के बाद प्रभावित हुईं तो अप लाइन की ट्रेनें बरेली आते-आते लेट हो गईं।

जिसमें आनंद विहार गरीबरथ एक्सप्रेस 2 घंटा 39 मिनट, सरयू यमुना एक्सप्रेस 3 घंटा 41 मिनट, गरीब नवाज एक्सप्रेस 2 घंटा 40 मिनट लेट हो गई। ट्रैक से पानी कम होने पर हालात सामान्य हो सके। करीब आठ घंटा तक बरेली से शाहजहांपुर के बीच ट्रेनें रेंगते हुए गुजरती रहीं। एस एंड टी विभाग के कर्मचारियों ने फॉल्ट ठीक किया। वहीं बारिश थमने के बाद ट्रैक को रेलपथ विभाग के कर्मचारियों ने चेक किया और जंक्शन पर ब्लॉक लेकर काम किया गया।

यह ट्रेनें भी पहुंचीं घंटों लेट
अलग-अलग सेक्शन में ब्लॉक और विभिन्न कारणों से कई अन्य ट्रेनों का संचालन भी सोमवार को प्रभावित रहा। जिसमें काफी तादाद में ट्रेनें घंटों की देरी से बरेली जंक्शन पहुंची। इनमें अवध असम एक्सप्रेस 1 घंटा 36 मिनट, राजधानी एक्सप्रेस 2 घंटा 42 मिनट, प्रयागराज बरेली एक्सप्रेस 1 घंटा 39 मिनट और कुंभ एक्सप्रेस 2 घंटा 51 मिनट देरी से पहुंची।

संबंधित समाचार