काशीपुर: मेडिकल संचालक के खिलाफ महिलाओं ने काटा हंगामा
काशीपुर, अमृत विचार। मेडिकल संचालक पर नशे के इंजेक्शन व कैप्सूल बेचने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद महिलाएं शांत हुई। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस को एक शिकायती पत्र भी सौंपा।
मोहल्ला कानूनगोयान स्थित दो स्कूलों के पास एक व्यक्ति ने मेडिकल स्टोर खोला है। क्षेत्रवासियों को आरोप है मेडिकल स्टोर संचालक यहां नशे के कैप्सूल व इंजेक्शन बेचता है। इसके चलते दिनभर नशेड़ियों का आना-जाना लगा रहता है। बीती सात जुलाई को मोहल्लेवासियों ने सीएमओ को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग भी की थी, लेकिन बीते सोमवार को कोई कार्रवाई न होने पर मंगलवार को मोहल्ले की महिलाओं व लोगों ने हंगामा काटा।
आरोप लगाया कि मेडिकल स्टोर पर नशेड़ियों की आवाजाही से चोरियां हो रही हैं। साथ ही मोहल्ले की महिलाओं, युवतियों व बच्चों का यहां से निकलना दुश्वार हो गया है। नशेड़ी इधर-उधर खड़े होकर गाली-गलौच करते हैं। हंगामा की सूचना मिलने पर कटोराताल चौकी प्रभारी विपुल जोशी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए।
जहां लोगों ने उक्त मेडिकल स्टोर बंद कराने की मांग की। साथ ही एक शिकायती पत्र भी पुलिस को सांपा। यहां पर अजय टंडन, सुरेश सैनी, वीना शर्मा, आनन्द वर्मा, अमित कुमार, विक्की ठाकुर, फैजान, विकास वर्मा, नवल किशोर वर्मा, गुलजार अहमद, आरिफा, अमिता सक्सेना, दुलारी, राशिद समेत बड़ी संख्या में मोहल्लावासी मौजूद रहे।
