पीलीभीत: बाढ़ ग्रस्त इलाकों का जायजा लेने आ सकते हैं सीएम योगी...हेलीपैड के लिए चिन्हित की गई जगह
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। शारदा क्षेत्र में ग्रामीणों को अभी बाढ़ से राहत नहीं मिली है। प्रशासन की मदद के बावजूद अभी भी ग्रामीण समस्याओं से जूझ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं। उनके हेलीकॉप्टर के लिए रुद्रपुर गांव में हेलीपैड तैयार कराया जा रहा है। डीएम और एसपी ने हेलीपैड बनाने के लिए जगह चिन्हित की। प्रशासनिक अमला तैयारी में जुटा रहा।

पूरनपुर तहसील क्षेत्र के ट्रांस शारदा क्षेत्र में शारदा नदी ने तबाही मचा दी है। 30 हजार से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हो गई है। शारदा क्षेत्र में अभी भी लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। लोगों के सुरक्षित स्थान पर पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसके अलावा सैकड़ों लोग अभी भी घर की छतों पर फंसे हुए हैं। उनके खाने-पीने आदि की कई समस्याएं खड़ी हो गई है। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में खाने-पीने के कोई भी इंतजाम नहीं किया गया है। इसको लेकर लोग परेशान हैं।
पूरनपुर के शारदा किनारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बुधवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे की संभावना व्यक्त की जा रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों का हाल जानेंगे। उनके आगमन की चर्चा होते ही प्रशासनिक अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं।
मंगलवार दोपहर डीएम संजय कुमार सिंह और एसपी अविनाश पांडे पूरनपुर पहुंचे और उन्होंने मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर उतारने के लिए हेलीपैड के लिए जगह देखी। मैदानों में जल भराव होने से हेलीपैड बनवाने को लेकर अधिकारी असमंजस में रहे। पूरनपुर के रामलीला मेला मैदान में पहुंचकर हेलीपैड बनवाने को लेकर अधिकारियों ने मंथन किया। पूरनपुर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की दूरी अधिक होने पर रामलीला मेला मैदान में हेलीपैड नहीं बनाया जा सका।
डीएम एसपी ने धनाराघाट रोड पर गांव रुद्रपुर में एक मैदान में मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतारने के लिए जगह चिन्हित की। वहां साफ सफाई कर हेलीपैड तैयार कराया जा रहा है। तहसीलदार वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी चल रही है। गांव रुद्रपुर में उनके हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए हेलीपैड बनाया जा रहा है।
