हरदोई: गांव में घुसा मगरमच्छ, सारी रात चला रेस्क्यू-दहशत में रहे लोग
हरदोई, अमृत विचार। सारे दिन मेहनत करने के बाद औहदपुर के लोग नींद आने के इंतज़ार में थे,उसी बीच वहां मगरमच्छ दिखाई देने से वो दहशत में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से उसके पकड़ने के लिए रेस्क्यू शुरु हुआ। भोर पहर तक चले रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को पकड़ा जा सका। कहा जा रहा है कि मगरमच्छ बगल से निकली सुखेता नदी के रास्ते गांव तक पहुंचा इस बीच सबसे खास बात रही कि कई बार कॉल करने के बाद भी वन विभाग की नींद नहीं टूटी और मगरमच्छ को पकड़ने के बाद उसकी टीम वहां पहुंची।
बताया गया है कि लोनार थाने के औहदपुर गांव में मंगलवार की रात सतीश ने अपने घर के पास एक भारी-भरकम मगरमच्छ देखा। इसका पता होते ही ग्रामीण दहशत में आ गए। सूचना पाते ही एसएचओ लोनार उमेश त्रिपाठी अपनी टीम के साथ पहुंचे,साथ ही यूपी-112 की पीआरवी भी औहदपुर पहुंच गई। उसके बाद वहां के कमलेश,गौरव सिंह,गुड्डू सिंह,कतिकेष सिंह,शेखर सिंह,आकाश सिंह और वीरपाल ने पुलिस की मदद से बुधवार की भोर पहर उस मगरमच्छ को किसी तरह पकड़ कर उसे रस्सी से बांध दिया।
गांव वालों का कहना है कि उन्होंनें एसडीएम सदर के अलावा वन विभाग को कई बार कॉल की,लेकिन किसी ने भी कॉल रिसीव नहीं की। जब मगरमच्छ पकड़ लिया गया,उसके बाद वन विभाग की टीम वहां पहुंची और मगरमच्छ को लेकर रवाना हो गई। औहदपुर में घुसा मगरमच्छ काफी भारी-भरकम था,उसका वज़न दो ढाई से तीन क्विंटल बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें -'एक पेड़ मां के नाम': एक ही दिन में लगाए जाएंगे 36.46 करोड़ पौधे, UP में इस दिन बनेगा बड़ा रिकॉर्ड
