Hamirpur News: शिक्षामित्र के पति की गला रेत कर हत्या; कंपोजिट स्कूल में दिव्यांग शौचालय के पीछे मिला शव, फैली सनसनी
हमीरपुर, अमृत विचार। थाना बिवांर के अतरार गांव स्थित परिषदीय विद्यालय में मंगलवार रात शराब की पार्टी के दौरान हुए विवाद में शिक्षामित्र के पति की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। सुबह स्कूल में दिव्यांग शौचालय के पीछे शव पड़ा होने के बाद गांव में सनसनी फ़ैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना बिवांर पुलिस के ग्राम अतरार निवासी संदीप सिंह (45) पुत्र अर्जुन सिंह की कंपोजिट स्कूल में दिव्यांग शौचालय के पीछे धारदार हथियार से गला रेतकर अज्ञात व्यक्तियों ने हत्या कर दी। परिजनों ने बताया कि मृतक संदीप सिंह गांव निवासी दत्ता पंडित पुत्र राम प्रकाश तिवारी के साथ शराब पीने के लिए घर से निकला था, रात में जब वापस नहीं आया तो उसकी तलाश की गई।

मृतक संदीप सिंह का शव स्कूल में दिव्यांग शौचालय के पीछे पड़ा मिला
तलाश के दौरान सुबह अतरार स्कूल के अंदर शौचालय के पीछे मृत अवस्था में मिले। मृतक की पत्नी अर्चना सिंह गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। जिनके दो बच्चे ऋषभ (17), नमन (15) है। सूचना पर थाना बिवांर पुलिस बल मौके पर उपस्थित है। पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटना के शीघ्र अनावरण के लिए टीमें गठित कर संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम साक्ष्य संकलित करने में जुटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से करवाया जाएगा। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
