लखनऊ: छतों पर लगी हैं 1200 से अधिक अवैध होर्डिंग, हटाने के लिए चलेगा अभियान
लखनऊ, अमृत विचार। नगर निगम अवैध होर्डिंग को हटाने के लिए गुरुवार से अभियान चलाएगा। इस अभियान में 1200 से अधिक अवैध होर्डिंग हटाई जाएंगी। ये होर्डिंग शहर के मुख्य मार्गों के किनारे बनी बिल्डिंग की छतों और निजी भूमि पर नगर निगम की अनुमति के बगैर लगाई गई हैं। निगम ने लखनऊ विकास प्राधिकरण को भी छतों पर अवैध तरीके से लगीं होर्डिंग का स्ट्रक्चर हटाने के लिए पत्र लिखा है।
31 मार्च 2023 को सभी होर्डिंग की अनुमति समाप्त हो चुकी है। नए वित्तीय वर्ष के लिए नगर निगम ने अभी अनुमति नहीं दी है। विज्ञापन एजेंसियां इस कार्रवाई का विरोध कर रही हैं। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने साफ कह दिया है कि सभी अवैध होर्डिंग हटाई जाएंगी।
यूनिपोल, बस शेल्टर, ट्रैफिक आयलैंड ही वैध
नगर निगम ने प्रमुख मार्गों के किनारे सरकारी भूमि पर लगभग 300 यूनिपोल लगाने की अनुमति दी है। इसके अलावा ट्रैफिक आयलैंड, बस शेल्टर, पुलिस बूथ और ट्री गार्ड पर लगे विज्ञापन ही वैध हैं। निजी भूमि या भवन की छतों पर लगीं होर्डिंग, यूनिपोल या प्रचार सामग्री अवैध है।
एलडीए की एनओसी का फंसा पेंच
निजी भवनों की छतों पर होर्डिंग लगाने के लिए नगर निगम एडवरटाइजिंग एजेंसियों से लखनऊ विकास प्राधिकरण की एनओसी मांग रहा है। जानकारों का कहना है कि एलडीए केवल भवन की छतों पर मोबाइल टावर लगाने के लिए एनओसी जारी करता है। आउटडोर एसोसिएशन के पदाधिकारी अभिषेक चन्द्रा का कहना है कि नगर निगम ने हमें एलडीए से एनओसी लाने के लिए कहा है, स्ट्रक्चर हटाने के लिए नहीं।
यह भी पढ़ें: उन्नाव: सुखलाल खेड़ा गोलीकांड में शामिल था कोबरा गैंग, 14 नामजद समेत 34 पर रिपोर्ट
