Unnao Accident: कोई घर से काम पर जा रहा था तो कोई लौट रहा था घर, बेटे के लिए गिफ्ट लाने का सुनील ने किया था वादा...खींच ले गई मौत
उन्नाव में हादसे में 18 की मौत हो गई
उन्नाव, अमृत विचार। बिहार प्रांत के मोतिहारी जिला के पिनहरा गांव निवासी अशफाक का परिवार मेरठ के मोदी नगर मोहल्ले में रहता था। उन्होंने गांव में अपना मकान तुड़वाकर बनवाया था। इस पर वह पत्नी रूबी बेटे दिलशाद, साहिल, सुहैल व बेटी गुलनाज, छोटे भाई सोनू व उसकी पत्नी सोनी के गांव गए थे। सभी वापस मेरठ लौट रहे थे। हादसे में अशफाक, रूबी, गुलनाज, सुहैल व सोनी की मौत हो गई। वहीं दिलशाद व साहिल घायल हो गए। दिलशाद ने बताया कि वह मेरठ में सैलून खोले है और साहिल बाइक मिस्त्री का काम सीख रहा है।
बेटे के लिए गिफ्ट लाने का सुनील ने किया था वादा
हादसे में रायबरेली जिला के लालगंज थानांतर्गत गड़रियन पुरवा गांव निवासी टैंकर चालक सुनील (34) पुत्र रामगणेश पाल की भी मौत हो गई। उसके इकलौते बेटे आर्यन (5) का मंगलवार को जन्मदिन था। काम की वजह से वह जा नहीं सका था। उसने फोन से वादा किया था कि घर आयेगा तो उसके लिए गिफ्ट लायेगा। लेकिन उसकी मौत की खबर पहुंची तो एक क्षण में सब सपने बिखर गए। मौत की खबर से पत्नी प्रियंका बेहाल है। तीन भाइयों में बड़े सुनील के शव की शिनाख्त छोटे भाई संजय ने की। उसकी मां श्यामा देवी भी जवान बेटे की मौत से सदमे में है। वहीं हादसे में बिहार के शिवहर निवासी हिमांशु (25) पुत्र विजय सिंह हरियाणा के फरीदाबाद में अपने चचेरे भाई चंदन की फैक्ट्री में काम देखता था। वह बस से दिल्ली जा रहा था। भाई चंदन ने उसकी पहचान की।
टायल मिस्त्री की भी गई जान
बिहार प्रांत के शिवहर जिले के श्यामपुर भताहा थानाक्षेत्र के लालगढ़ छावनी गांव शिव दयाल (28) पुत्र कामेश्वर पंडित नोएडा में रहकर टायल लगाने का काम करता था। सात जुलाई को दादी की बरसी में शामिल होने गांव गया था। जहां से लौटते समय वह भी काल के गाल में समा गया। वह अपनी बाइक भी नोएडा ले जा रहा था जो बस की छत पर रखी थी। वह भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। छोटे भाई रवि ने उसकी पहचान की। उसकी मौत से पत्नी रानी बेहाल है। उसके एक बेटी रिशू और बेटा रुद्र है।
नई दिल्ली में काम ढूंढने जा रहे रामचंद्र की हुई मौत
रामचंद्र (40) बिहार के गोपालगंज का निवासी था। वह प्लम्बर था और ओमान में काम करता था। होली पर घर लौटा था। किसी काम से दिल्ली जाने के लिए बस से निकला था। लेकिन, वह हादसे का शिकार हो गया। सदर क्षेत्र के अकरमपुर में एक फैक्ट्री में काम करने वाले पड़ोसी धर्मेंद्र ने उसकी पहचान की। उसकी मौत की खबर से पत्नी सीता रो-रोकर बेहाल है। इसके साथ ही इकलाख (49) पुत्र मुदस्सर सपरी सिरकहिया पूर्व चंपारण बिहार की मौत हुई। स्थानीय रिश्तेदार मो. अहमद ने उसकी पहचान की और बताया कि वह बस चालक था। इसी तरह उन्हीं ने माहिद शाह (26) पुत्र मंगिर शाह अख्तर टोला बैरगनिया जिला सीतामढ़ी की भी शिनाख्त की।
