Unnao Accident: तमाशबीनों को रोकने के लिए पुलिस ने की कड़ाई...मौत बनकर दौड़ी बस के कागजों में मिला झोल, ये लोग हुए घायल
उन्नाव में सड़क हादसे में 18 की मौत और 19 लोग घायल हो गए
उन्नाव, अमृत विचार। घटना के बाद घायलों को बांगरमऊ सीएचसी लाया गया तो वहां लोगों की भीड़ पहुंचने लगी। इस पर गेट पर फोर्स तैनात कर तमाशबीनों को बाहर किया गया। यहां तक मरीजों को भी अस्पताल नहीं जाने दिया गया। 11 बजे के बाद जब शवों को मोर्चरी भेज दिया गया तब स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो सकीं।
अन्य शवों की पहचान के किए जा रहे प्रयास
माचार लिखे जाने तक 12 शवों की शिनाख्त हो पाई थी। बाकी की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। देररात तक परिजनों के आने पर सभी की शिनाख्त होने के आसार हैं। वहीं शवों को रखने के लिए मोर्चरी में जगह कम पड़ गई। इससे उन्हें एक कमरे में रखवाया गया और सीएमओ डा. सत्यप्रकाश के निर्देश पर उसमें तुरंत एसी लगवाया गया। शवों के अधिक होने से स्वयंसेवी संगठनों के फ्रीजर मंगाए गए। वहीं निजी अस्पतालों से स्ट्रेचर भी मंगाने पड़े।
हादसे में यह हुए घायल:-
1-दिलशाद पुत्र अशफाक निवासी गांव पिनहरा जिला मोतिहारी बिहार।
2- साहिल पुत्र अशफाक निवासी गांव पिनहरा जिला मोतिहारी बिहार।
3-रजनीश पुत्र विनय निवासी थाना श्यामपुर मटहा शिवहर बिहार।
4-लालबाबू दास पुत्र रामसूरज दास निवासी थाना हिरागा शिवहर बिहार।
5-राम प्रवेश कुमार निवासी थाना हिरागा शिवहर बिहार।
6-भरत भूषण कुमार पुत्र लाल बहादुर दास निवासी थाना हिरागा शिवहर बिहार।
7-मो. सद्दाम पुत्र पुत्र मो. बशीर निवासी गमरोली थाना शिवहर बिहार।
8. शबाना पत्नी मो. शहजाद निवासी गमरोली थाना शिवहर बिहार।
9-चांदनी पत्नी मो. शमशाद निवासी शिवोली मुलहारी।
10-मो. शकील पुत्र अब्दुल बजीर निवासी बस्ती ख्वाजा कमला मार्केट दिल्ली।
11-मुन्नी खातून पत्नी अब्दुल बजीर निवासी बस्ती ख्वाजा कमला मार्केट दिल्ली।
12-तौफीक आलम पुत्र अब्दुल बजीर निवासी बस्ती ख्वाजा कमला मार्केट दिल्ली।
13-बीटू पुत्र राजेंद्र निवासी थाना भादूर शिवहर बिहार।
14-कुममामान पुत्र नसरुल्लाह निवासी नबी करीब थाना पेनाटा दिल्ली।
15-सलीम पुत्र मो. अस्लम थाना पिपरा सिटी मोतिहारी बिहार।
16-सनामा पुत्री मो. शहजाद निवासी भजनपुरा दिल्ली।
17-राज प्रसाद पुत्र जैईसा निवासी जमुआ थाना बगिनिया सीतामढ़ी।
18-उरसेद पुत्र बजीर निवासी चांदनी चौक दिल्ली।
19-संतोष पुत्र राजू राम थाना पिपरानी जिला शिवहर बिहार।
मौत बनकर दौड़ी बस के कागजों में मिला झोल
चर्चा है कि इस पूरे मामले में एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। दुर्घटनाग्रस्त बस के दस्तावेज चेक किए गए तो बस का बीमा व फिटनेस खत्म मिला है। जबकि, बस की आरसी की जांच में यह भी पता चला कि बस केसी जैन ट्रैवल के नाम से पंजीकृत है। जिसमें केयर ऑफ किसी पुष्पेंद्र सिंह का नाम दर्ज है। जबकि वह महोबा जिले से पंजीकृत है। पुलिस की जांच में पता चला है कि महोबा जिले में जिस पते पर केसी जैन ट्रैवल पंजीकृत है वो फर्जी पाया गया है। इस बस का संचालन बिहार से किसी बबलू सिंह व दिल्ली के पहाड़गंज से चंदन जयसवाल द्वारा किया जा रहा था।
बोले जिम्मेदार…
परिवहन आयुक्त चन्द्र भूषण सिंह ने बताया कि उन्नाव बस दुर्घटना की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। अगर बस की बॉडी कोड एआईएस-119 से भिन्न पाई जाती है तो संबधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी जाएगी। इसी तरह जांच में अन्य बिंदुओं जैसे रम्बल स्ट्रिप, ट्रैफिक कॉमिंग मेजर्स व ओवरस्पीडिंग की संस्तुति पर भी संबंधित विभागों द्वारा सुधार कार्य कराया जाएगा। ताकि भविष्य में दुर्घटनाएं घटित न हो। कहा कि दुर्घटना की त्वरित जांच के लिए परिवहन विभाग ने तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है ।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस दिया जाएगा। यूपी में जिस रूट से गाड़ी चलती थी उन सभी जिलों के अधिकारियों को नोटिस दिया जाएगा। इसमें किसी भी अधिकारी की अगर संलिप्तता पाई जाती है तो उन्हें भी सजा दी जाएगी। गाड़ी मालिक पर भी एफआईआर दर्ज होगी।
हादसे के बाद घायलों का हालचाल लेने पहुंचे जनप्रतिनिधि
हादसे के बाद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व यूपी के मुख्यमंत्री तक के घटना को संज्ञान लेने बाद जन प्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। इनमें विधायक पंकज गुप्ता, आशुतोष शुक्ला, श्रीकांत कटियार, अनिल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि प्रवीण मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार वरिष्ठ नेता आनंद अवस्थी, विमल द्विवेदी शामिल रहे। विधायक पंकज गुप्ता ने घायलों को भोजन पानी की व्यवस्था कराने के निर्देश प्रभारी सीएमएस विवेक गुप्ता को दिए।
