Kanpur: आज से दस्तक अभियान शुरू; स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पूछेंगी सेहत का हाल, रोगों से बचाव की देंगी जानकारी
कानपुर, अमृत विचार। जिले में गुरुवार से दस्तक अभियान की शुरूआत होगी। अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सेहत का हाल पूछेंगी और संचारी रोगों से बचाव की जानकारी देंगी। डायरिया रोको अभियान के तहत डायरिया से बचाव के लिए ओआरएस व जिंक के बारे में बताया जाएगा।
सीएमओ डॉ.आलोक रंजन ने बताया कि 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान के दौरान आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर पता लगाएंगी कि किसी को बुखार, दिमागी बुखार, खांसी, एलर्जी, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया, मलेरिया, टीबी जैसी बीमारी तो नहीं है।
अभियान में उन बच्चों को चिह्नित किया जाएगा, जिनका वजन तय मानक से कम है। लक्षणयुक्त मरीजों का नाम, पता और मोबाइल नंबर आशा कार्यकर्ता ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। ताकि संबंधित मरीज का इलाज करने के साथ फॉलोअप किया जा सकेगा।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व नोडल अधिकारी डॉ. आरपी मिश्रा ने बताया कि अभियान के दौरान उन क्षेत्रों और मकानों की सूची बनाई जाएगी, जहां मच्छरों का प्रजनन अधिक है। वहां मच्छर मारने की दवा का छिड़काव कराया जाएगा। बरसात का मौसम देखते हुए टीमें अपने साथ ओआरएस पैकेट, जिंक टैबलेट और क्लोरीन की गोलियां भी रखेंगी और दस्त से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी।
डेंगू से बचाव में मच्छरों के प्रजनन स्रोत नष्ट करने पर रहेगा जोर
जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण की निगरानी ऑनलाइन डैशबोर्ड के जरिए प्रतिदिन की जा रही है। दस्तक अभियान के दौरान जहां कहीं भी कमियां मिलेगी, वहां ब्लॉक स्तरीय अधिकारी डैशबोर्ड के जरिए देखकर उन्हें ठीक कराएंगे। इस दौरान लोगों को डेंगू से बचाव के बारे में जागरूक कर मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को नष्ट करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
हाथों की सफाई से डायरिया में 30 फीसदी नियंत्रण संभव
दस्तक अभियान में आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संचारी रोग नियंत्रण के लिए हाथों को स्वच्छता पर जोर देंगी। हाथ की गंदगी रोकने से डायरिया की बीमारी 30 फीसदी और बच्चों में संक्रमण 20 फीसदी तक कम किया जा सकता है।
सुमन-के का होता यह मतलब
एस- पहले दोनों हथेलियों को सामने से साबुन लगाकर धोएं।
यू- हथेलियों को उल्टा कर साफ करें।
एम- मुट्ठी की सफाई करें।
ए- अंगूठें की सफाई करें।
एन- नाखून को रगड़ कर साफ करें।
के- कलाइयों की सफाई करें।
