आत्मघाती कदम : “मम्मी मैं पढ़ना नहीं चाहता हूं’’ ...कॉपी में लिखकर आठवीं के छात्र ने मौत को लगाया गले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार थाना अंतर्गत खरगापुर में आठवीं कक्षा के छात्र ऋषभ (15) ने बुधवार रात को घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव कमरे की छत पर लगे पंखे में फंदे से लटकता मिला। वहीं, कमरे में छात्र की एक नोट बुक भी मिली है। जिसमें लिखा था कि “मम्मी मैं पढ़ना नहीं चाहता हूं’’। हालांकि, मामले की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रभारी निरीक्षक सुधीर अवस्थी के मुताबिक, क्षेत्र के खरगापुर निवासी प्लम्बर रामतेज सपरिवार रहते हैं। ऋषभ उनका इकलौता बेटा था। वह आठवीं कक्षा में पढ़ता था। उन्होंने बताया कि पूर्व में ऋषभ ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। दो साल पहले मां सुनीता ने उसे अपने पास बुला लिया था। इसके बाद दंपति ने गोतमीनगर के एक बड़े स्कूल में बेटे का दाखिला कराया था। मां सुनीता ने बताया कि ननिहाल से आने बाद बेटे का मन लखनऊ में नहीं लगता था। वह अक्सर ननिहाल में रहकर पढ़ाई करने की बात कहता था। बताया कि बुधवार रात सुनीता सब्जी खरीदने के लिए बाजार गई थी। जबकि पति रामतेज काम से घर नहीं लौटे थे।

कुछ घंटे बाद सुनीता घर लौटी तो कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। इस पर सुनीता ने बेटे को काफी आवाज दी। बावजूद इसके दरवाजा नहीं खुला। जिसके बाद सुनीता ने खिड़की की दराज से भीतर झांका तो बेटा फंदे से लटकता दिखाई पड़ा। आनन-फानन पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर ऋषभ को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इकलौते बेटे की मौत से दंपति बदहवाश है। प्रथम दृष्या में यह सामने आया कि बेटे की अच्छी पढ़ाई के लिए दंपति दिनरात मेहनत करते थे। उनका बेटा काफी होनहार था, लेकिन वह ननिहाल में रहकर ही पढ़ाई करना चाहता था। जिस वजह से छात्र ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।  

यह भी पढ़ें - वारदात : छोटे भाई के पेट में चाकू घोंप की हत्या, हत्यारोपी को पड़ोसियों ने दौड़ाकर पकड़ा

संबंधित समाचार